3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू शहर को एक नया पर्यटन आकर्षण मिलने जा रहा है. तवी नदी के किनारे भगवती नगर स्थित यात्री निवास के पास विकसित किया जा रहा 'वेस्ट टू वंडर पार्क' अंतिम चरण में पहुंच चुका है. जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है और अगले महीने इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है.
कबाड़ और रीसाइकल सामग्री से बनाए गए हैं प्रसिद्ध स्मारक
इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पूरी तरह कबाड़ और पुनर्चक्रित (रीसाइकल) सामग्री से तैयार किया जा रहा है. पार्क में देश और दुनिया के कई प्रसिद्ध स्मारकों की प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं, जिन्हें बेकार हो चुके लोहे, धातु और अन्य स्क्रैप सामग्री से बनाया गया है. यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कचरा प्रबंधन का अनूठा उदाहरण पेश कर रही है.
अधिकारियों का कहना है कि यह पार्क न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि लोगों को यह संदेश भी देगा कि बेकार समझी जाने वाली सामग्री का रचनात्मक उपयोग किस तरह किया जा सकता है.
अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र
हर साल लाखों श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के दौरान भगवती नगर यात्री निवास से होकर गुजरते हैं. ऐसे में पार्क का स्थान इसे और भी खास बनाता है. यात्रा शुरू होने से पहले इसके खुलने की संभावना है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जम्मू में एक नया दर्शनीय स्थल मिलेगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि पार्क शुरू होने से शहर में आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और जम्मू के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी.
स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
पार्क के शुरू होने से आसपास के दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों, टैक्सी और ऑटो चालकों सहित छोटे कारोबारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा.
सतत विकास और स्वच्छता का देगा संदेश
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नगर आयुक्त डॉ. देवांश यादव के अनुसार यह परियोजना शहर की सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पार्क लोगों को स्वच्छता, रीसाइक्लिंग और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश देगा.
-राही कपूर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें