यूपी के झांसी में पुलिस ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को 5 घंटे के अंदर ही एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया. दूसरी जगह शादी तय होने से गुस्से आकर आरोपी ने घर में घुसकर प्रेमिका की हत्या कर दी थी. प्रेमिका की हत्या करने के बाद आरोपी स्वयं भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन वह डर के कारण ऐसा नहीं कर पाया और भाग गया था. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया. साथ ही घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
घर में घुसकर प्रेमिका को मार दी थी गोली
बुधवार की देर दोपहर झांसी के सीपरी बाजार थानांतर्गत सिध्देश्वर नगर में 19 वर्षीय चंचल रायकवार की उसके प्रेमी ने घर मे घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी और भाग गया था. उसे पकड़ने के लिए 4 थाना की पुलिस टीमों को लगाया गया था, जो लगातार उसकी तलाश में जुटी थी.
इसी दौरान सीपरी बाजार थाना पुलिस को झांसी-शिवपुरी हाइवे पर आरोपी के होने की सूचना मिली. इस पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी, तभी आरोपी नजर आया और वह पुलिस को देख भागने लगा. पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी अपना बचाव करते हुए फायरिंग की जिसमें एक गोली उसके पैर में लग गई और वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया.
और मौके से भाग गया
पुलिस अधीक्षक नगर प्रिया सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका से करीब 4 साल से प्यार चल रहा था. इसी बीच दोनों ने शादी करने का भी मन बना लिया लेकिन प्रेमिका के माता-पिता को इसकी भनक लग गई और उन्होंने विरोध करते उसे धमकाया. इतना ही नहीं परिजनों ने मृतका की शादी भी दूसरी जगह तय कर और तैयारी करने लगे. इस बात की जानकारी आरोपी कमल को हुई तो वह गुस्से में आ गया और घर मे जाकर युवती की हत्या कर दी.
युवती की हत्या करने के बाद वह भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन जब उसने मृतका को खून से लथपथ पड़ा देखा तो वह डर गया और मौके से भाग गया. पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार थाना पुलिस को सोनू रायकवार ने सूचना दी थी कि मेरी बेटी की घर मे घुसकर एक लड़के ने गोली मारकर हत्या कर दी है. इस सूचना पर उच्चाधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और हत्यारोपी को पकड़ने के लिए 4 टीमों को लगा दिया था. सीपरी बाजार पुलिस टीम ने घटना की सूचना मिलने के 5 घंटे बाद ही मुठभेड़ के दौरान हाईवे किनारे से हत्यारोपी कमल रायकवार को पकड़ लिया.