उत्तर प्रदेश के झांसी से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ युवकों ने एक जिंदा चूहे को लोहे के गेट पर बांधकर आग लगा दी. चूहा दर्द से छटपटाता रहा, लेकिन युवक उसे बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे. करीब 47 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा फैल गया. पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
लोहे के गेट पर बांधकर चूहे को लगाई आग
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के ओरछा गेट स्थित कसाई मंडी इलाके का बताया जा रहा है. वीडियो में कुछ युवक एक छोटे से जिंदा चूहे को रस्सी के सहारे लोहे के गेट पर बांधते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद चूहे पर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी जाती है. आग लगने के बाद चूहा खुद को बचाने के लिए छटपटाने लगता है. इसी दौरान रस्सी टूटने पर वह इधर-उधर भागता नजर आता है. आरोप है कि मौके पर मौजूद युवक उसे बचाने की कोशिश करने के बजाय पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे.
वीडियो वायरल होने पर लोगों में गुस्सा
करीब 47 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई. पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने बेजुबान जीव के साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना है कि किसी भी जीव को जानबूझकर इस तरह दर्द देना बेहद अमानवीय है.
चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सीओ सिटी प्रिया सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को इस घटना का वीडियो मिला था. मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 319/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस मामले में जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिक कुरैशी और शफीक को नामजद किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: