क्रिकेट भारत में सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भावनाओं का महापर्व है. जब मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच हो, तो देशभर में उत्साह अपने चरम पर पहुंच जाता है. ICC Cricket World Cup के तहत कोलंबो में खेले जा रहे बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच से पहले झांसी में भी आस्था और देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला. शहर के पंचकुइयां स्थित काली मंदिर में महिलाओं ने सामूहिक हवन कर टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की.
रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में महिलाओं का जुटना शुरू हो गया था. भजन-कीर्तन और जागरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसके बाद विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया. मंदिर परिसर “भारत जीतेगा” के नारों से गूंज उठा. माहौल पूरी तरह श्रद्धा, विश्वास और उत्साह से भरा नजर आया. महिलाओं ने माता रानी से प्रार्थना की कि भारतीय टीम इस अहम मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करे और देश का मान-सम्मान विश्व पटल पर ऊंचा बनाए रखे.
हवन में शामिल राजकुमारी कुशवाहा ने बताया कि सभी महिलाओं ने एक स्वर में टीम इंडिया की जीत की कामना की है. उन्होंने कहा कि वे भारत की नागरिक हैं और अपनी टीम का समर्थन करना उनका कर्तव्य है. उनके अनुसार, क्रिकेट केवल खेल नहीं बल्कि देश की भावनाओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस महत्वपूर्ण मैच में जीत के लिए प्रार्थना करना स्वाभाविक है. बातचीत के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पीछे से लगातार जयकारे लगते रहे.
इसी क्रम में पूजा रैकवार और अन्य श्रद्धालुओं ने भी हवन में आहुति देकर भारतीय टीम की सफलता की कामना की. पूजा रैकवार ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल यही है कि भारत इस मुकाबले में विजयी हो और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे. उन्होंने कहा कि देश के नागरिक होने के नाते वे अपनी टीम के साथ खड़ी हैं. भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से रोमांच और भावनाओं से भरपूर रहा है. ऐसे में झांसी की महिलाओं द्वारा किया गया यह सामूहिक हवन खेल के प्रति लोगों की आस्था और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है.
रिपोर्टर: अजय झा
ये भी पढ़ें: