Mausam 19 February 2026: ठंड के बाद कुछ राज्यों में हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है. मौसम विभाग ने 19 फरवरी दिन गुरुवार को 5 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. इसके चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है. बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
इन 5 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार को जिन पांच राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं. इसके हल्की बारिश दिल्ली-एनसीआर में भी होने की संभावना है. यूपी के कई जिलों में बारिश होनी की संभावना है. आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 2 दिन तक पहाड़ों से लेकर मैदानी हिस्सों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, जिस कारण राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से पर तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश बूंदाबांदी या हल्के स्तर की बारिश से मौसम बदला रहेगा. जम्मू-कश्मीर में 19 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है.
आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहे हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 19 फरवरी को भी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. आईएमडी के मुताबिक 20 फरवरी से एक बार फिर से राजधानी दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री तक चढ़ जाएगा. गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
यूपी-बिहार में क्या होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हल्की बारिश होने की संभावना है तो वहीं बिहार में धूप निकलेगा. यूपी के जिन राज्यों में 19 फरवरी को बारिश होने की संभावना है, उनमें नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, शामली औक मुजफ्फरनगर शामिल हैं. लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, बिहार में 19 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. इस राज्य के किसी भी जिले में गुरुवार को बारिश होने की संभावना नहीं है. बिहार में सुबह और शाम को ठंड की स्थिति बनी रहेगी. कुछ जिलों में ठंड लोगों को परेशान कर सकती है. जिन जिलों में ठंड की स्थिति रहेगा उनमें कटिहार, पूर्णिया, अररिया, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा और मधुबनी शामिल हैं. पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम बिगड़ने वाला है. आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड में 19 फरवरी को बारिश होने की संभावना है. नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार चल सकती है. देहरादून में गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, हिमाचल प्रदेश में भी 19 फरवरी को बारिश होने की संभावना है. सोलन, कुल्लू, सिरमौर, उना, लाहौल और स्पीति में बारिश की संभावना है. राजधानी शिमला में गुरुवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में गुरुवार को बारिश होने की संभावना है. राजस्थान की राजधानी जयपुर और आसपास के जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, बांसवाड़ा, चुरू, चित्तौड़गढ़, गंगानगर, हनुमानगढ़ में पारा नीचे आएगा. जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मध्य प्रदेश के 23 जिलों में गुरुवार को बारिश होने की संभावना है. राजधानी भोपाल का गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
महाराष्ट्र और गुजरात में बढ़ेगा तापमान
पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने वाला है. उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की तापमान में वृद्धि होगी. महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है. उधर, गुजरात में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है और उसके बाद के 4 दिनों में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा.