कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक जीजा पर अपनी साली के नहाते समय अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है. आरोप है कि जीजा अपनी पत्नी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना रहा था. लगातार धमकियों से परेशान होकर साली ने आत्महत्या कर ली. मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है.
पत्नी ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
जानकारी के अनुसार, कानपुर के कल्याणपुर निवासी एक व्यापारी की बेटी की शादी फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी गोविंद शर्मा से हुई थी. आरोप है कि गोविंद अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. इससे परेशान होकर पत्नी ने कानपुर के कल्याणपुर थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.
समझौते के बहाने पत्नी को ससुराल ले गया
मुकदमा दर्ज होने के बाद गोविंद ने समझौते का प्लान बनाया और कुछ महीने पहले बहाने से अपनी पत्नी को ससुराल ले गया. गोविंद के ससुर को उस पर पहले से शक था, इसलिए उन्होंने अपनी छोटी बेटी को भी बड़ी बेटी के साथ ससुराल भेज दिया.
नहाते समय बनाए अश्लील फोटो और वीडियो
आरोप है कि ससुराल में गोविंद ने अपनी साली के नहाते समय उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए. इसके बाद उसने साली को धमकाना शुरू कर दिया. वह कहता था कि अगर उसकी बहन ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया, तो वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.
धमकियों से परेशान होकर युवती ने दी जान
जीजा की धमकियों से डरी-सहमी युवती अपनी बड़ी बहन के साथ वापस कानपुर आ गई. आरोप है कि इसके बाद भी गोविंद कानपुर आकर उसे लगातार धमकाता रहा. मानसिक रूप से परेशान होकर 18 जुलाई को युवती ने आत्महत्या कर ली.
पिता की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
छोटी बेटी की मौत के बाद बड़ी बेटी ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पिता ने कल्याणपुर थाने में गोविंद शर्मा के खिलाफ अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने बुधवार को आरोपी गोविंद शर्मा को कानपुर के एक इलाके से गिरफ्तार कर लिया.
मोबाइल फोन की होगी जांच
एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. आरोप है कि आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल किया, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी.
ये भी पढ़ें