देशभर में एक ओर सिलेंडरों की कमी से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर कई जगह गैस की ब्लैक मार्केटिंग और इससे जुड़ी ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं. कानपुर में तो ठगों ने ऐसा हथकंडा अपनाया कि कोई भी आसानी से उनके झांसे में आ जाए. खुद को इंडियन ऑयल का अधिकारी बताकर दो युवक एक घर में घुसे और जांच के बहाने दो सिलेंडर लेकर फरार हो गए.
ठगो ने बनाया आसान निशाना
घटना कानपुर के गोविंद नगर की एक कॉलोनी की है. यहां रहने वाली कीर्ति वर्मा एक स्कूल में टीचर हैं. सोमवार को कीर्ति स्कूल गई हुई थीं. घर पर उनकी भाभी सरोजिनी और भतीजी अकेले थीं. इसी बीच दो युवक बाइक से आए और खुद को इंडियन ऑयल का अधिकारी बताते हुए बोले कि गैस की कमी के कारण कई लोग सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं, इसलिए कंपनी घर-घर जाकर सिलेंडर चेक कर रही है. गैस की किल्लत देखते हुए कीर्ति की भाभी और भतीजी ने भरोसा कर लिया और उन्हें किचन में ले गईं. किचन में एक भरा हुआ सिलेंडर था और एक खाली.
नंबर चेक करने के बहाने सिलेंडर उठाया
दोनों युवकों ने सिलेंडरों का नंबर देखने का नाटक किया और फिर दोनों सिलेंडर उठाकर घर के दरवाजे तक ले आए. इसके बाद उन्होंने महिला से कहा, 'जाइए, रसीद लेकर आइए, देखना है नंबर मैच करता है या नहीं.'
जैसे ही भाभी और भतीजी अंदर रसीद लेने गईं, ठगों ने बाइक उठाई, दोनों सिलेंडर लादे और मौके से तेजी से भाग निकले. जब तक महिलाएं बाहर आईं, दोनों काफी दूर जा चुके थे. भाभी और भतीजी ने चिल्लाकर मोहल्ले को सतर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक ठग गायब हो चुके थे.
सौभाग्य से दोनों आरोपी एक गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए, जिसमें वे अपनी बाइक पर दो सिलेंडर लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं. यह फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत माना जा रहा है. कीर्ति वर्मा ने घर वापस आकर गोविंद नगर थाने में मामला दर्ज कराया.
पुलिस में शिकायत दर्ज
थाना इंचार्ज रितेश कुमार सिंह ने बताया कि कीर्ति की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि बाइक का नंबर ट्रेस कर लिया गया है, जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(रिपोर्ट- रंजय सिंह)
ये भी पढ़ें