PRV बाइक चलाती दिखी कांस्टेबल की पत्नी, गिरने पर हंसा सिपाही... देखें वायरल वीडियो

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. निराला नगर के रेलवे मैदान में एक महिला पुलिस की सरकारी PRV बाइक चलाती नजर आ रही है, जबकि पास ही वर्दी में तैनात कांस्टेबल उसे निर्देश दे रहा है.

Viral Video
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:25 PM IST

कानपुर के नकानपुर इलाके से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला पुलिस की PRV बाइक चलाती दिखाई दे रही है. यह पूरी घटना निराला नगर स्थित रेलवे मैदान की बताई जा रही है.

वायरल फुटेज में महिला PRV बाइक पर बैठकर उसे मैदान में चला रही है, जबकि पास में वर्दी पहने एक कांस्टेबल खड़ा है. एक अन्य वीडियो में महिला बाइक का संतुलन बिगाड़कर गिरा देती है, जिस पर कांस्टेबल हंसते हुए उसे दोबारा कोशिश करने के लिए कहता भी नजर आता है. इसके साथ ही, उनका बेटा कुछ दूरी पर स्कूटी चलाता हुआ दिखता है.

सरकारी बाइक से राइडिंग सिखाने का दावा
वीडियो सामने आने के बाद दावा किया गया कि कांस्टेबल अपनी पत्नी को सरकारी PRV बाइक से राइडिंग सिखाने के लिए मैदान में लेकर पहुंचा था. इस दावे के वायरल होने के साथ ही पुलिस की कार्यशैली और सरकारी वाहन के संभावित दुरुपयोग पर सवाल उठने लगे.

कांस्टेबल ने लगाए आरोपों का खंडन
किदवई नगर थाने की PRV में तैनात कांस्टेबल शिवकेंद्र ने इन आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि वह उस समय ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी अपने बेटे को स्कूटी चलाना सिखाने मैदान में गई थी. कांस्टेबल के मुताबिक, पत्नी के बुलाने पर वह कुछ देर के लिए वहां पहुंचे और उसी दौरान बाइक में चाबी लगी होने से उनकी पत्नी ने बिना पूछे PRV बाइक स्टार्ट कर ली.

पुलिस प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच जारी
वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस की ओर से बताया गया कि घटना की जांच की जा रही है और यदि यह साबित होता है कि सरकारी वाहन का दुरुपयोग हुआ है, तो जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट- सिमर चावला)

ये भी पढ़ें 

Read more!

RECOMMENDED