कानपुर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां शादी के बाद बहू को तंत्र-मंत्र के नाम पर परिवार के साथ निर्वस्त्र होकर पूजा करने के लिए मजबूर किया गया. पीड़िता की शादी दो साल पहले हुई थी और आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट भी की. ससुर पर गंभीर आरोप लगे हैं, जबकि पति ने भी परिवार का ही साथ दिया. आखिरकार महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कराया. मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण लंबे समय तक समझौते की कोशिश हुई, लेकिन असफल रहने पर पुलिस ने अब गंभीर धाराओं में जांच शुरू कर दी है.
सास ने आधी रात को कराई तंत्र-मंत्र की पूजा
पीड़िता ने महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर उसकी सास ने आधी रात को तंत्र-मंत्र की पूजा में शामिल होने के लिए दबाव बनाया. सास का दावा था कि परिवार की संपत्ति और तरक्की इसी पूजा का परिणाम है और इसमें सभी को निर्वस्त्र होकर शामिल होना पड़ता है.
नग्न अवस्था में पूजा में बैठने के लिए मजबूर किया गया
महिला के अनुसार, उसने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन पति, ससुर और अन्य परिजनों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाए. आरोप है कि इसके बाद पति ने उसे अपने पिता के साथ कमरे में बंद कर दिया, जहां उसके साथ गंभीर दुर्व्यवहार हुआ. बाद में उसे परिवार के साथ नग्न अवस्था में पूजा में बैठने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर मारपीट भी की गई.
पिता ने शादी में खर्च किए थे 5 करोड़
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में दो करोड़ रुपये और एक किलो सोने की मांग की, जबकि उसके पिता पहले ही शादी में करीब पांच करोड़ रुपये खर्च कर चुके थे. लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के चलते वह जनवरी 2025 में मायके लौट आई और परिजनों को पूरी घटना बताई.
ससुराल पक्ष ने स्त्रीधन भी छीना
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरुआत में समझौते की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद महिला थाने में ससुर, सास, पति, देवर और परिवार के अन्य सदस्य के खिलाफ छह गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. पीड़िता का आरोप है कि उसका स्त्रीधन भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया है.
एसीपी आशुतोष सिंह के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, जब ससुराल पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका घर और दुकान बंद मिले. आसपास के लोगों ने बताया कि परिवार के सदस्य फिलहाल बाहर गए हुए हैं.
रिपोर्ट-रंजय सिंह
ये भी पढ़ें: