केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गठबंधन को बंपर जीत मिली है. लेकिन इतनी बड़ी जीत के बाद भी कांग्रेस ने अभी तक मुख्यमंत्री के चेहरे का चुनाव नहीं किया है. कांग्रेस में तीन चेहरे मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं. इसमें सीनियर रमेश चेन्निथल्ला, दिग्गज लीडर वीडी सतीशन और गांधी फैमिली के करीबी वेणुगोपाल का नाम शामिल है. कांग्रेस के ये तीनों लीडर सूबे की अगड़ी जाति नायर समुदाय से आते हैं. वैसे भी केरल की सियासत में नायर समुदाय का दबदबा रहा है. हालांकि पिछले 25 साल से ये समुदाय मुख्यमंत्री की कुर्सी से दूर है.
CM रेस में 3 नायर-
कांग्रेस मुख्यमंत्री के नाम को लेकर किसी जल्दबाजी में नहीं दिख रही है. इस दौरान सीएम को लेकर कई नामों की चर्चा हो रही है. इसमें सबसे ऊपर 3 नाम चल रहे हैं. ये तीनों ही सूबे की ताकतवर नायर समुदाय से आते हैं. रेस रेस में सबसे पहला नाम केसी वेणुगोपाल का आ रहा है. वेणुगोपाल नायर समुदाय से आते हैं और वो गांधी फैमिली के काफी करीब बताए जाते हैं. फिलहाल वेणुगोपाल कांग्रेस महासचिव हैं और अलाप्पुझा से सांसद हैं.
सीएम रेस में रमेश चेन्निथल्ला का नाम भी सामने आ रहा है. रमेश चेन्निथल्ला पार्टी के सबसे सीनियर लीडर हैं. रमेश ने हरिपाद विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं. चेन्निथल्ला भी नायर समुदाय से आते हैं.
इस रेस में तीसरा नाम वीडी सतीशन का नाम सामने आ रहा है. सतीशन भी ताकतवर समुदाय नायर से आते हैं. सतीशन को प्रशासनिक अनुभव भी ज्यादा है. चेन्निथल्ला ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने साल 2011 में ओमान चांडी के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, क्योंकि वो सीनियर थे.
केरल का जातिगत गणित-
केरल की सियासत में जातीय संतुलन हमेशा अहम रहा है. सूबे में करीब 55 फीसदी हिंदू आबादी है. इसमें से 60 फीसदी ओबीसी समुदाय है. जबकि 9 फीसदी एससी और एक फीसदी एसटी आबादी है. केरल में 30 फीसदी सवर्ण समुदाय है. इसमें से 15 फीसीदी नायर समुदाय की आबादी है. इसके अलावा सूबे में 18 फीसदी ईसाई समुदाय और 27 फीसदी मुस्लिम समुदाय है.
सियासत में नायर समुदाय का दबदबा-
नायर समुदाय केरल में सियासी तौर पर काफी मजबूत है. अब तक सूबे में 12 मुख्यमंत्री बने हैं. जिसमें से 9 हिंदू रहे हैं. इसमें से 5 नायर समुदाय से रहे हैं. जबकि 3 मुख्यमंत्री ओबीसी समुदाय से रहे हैं. पिछले 25 सालों से सूबे में नायर समुदाय मुख्यमंत्री की कुर्सी से दूर है. साल 2016 से पिनराई विजयन मुख्यमंत्री हैं, जो एझावा समुदाय से आते हैं.
ये भी पढ़ें: