Kota News: आपकी आवाज ही पहला सेल्फ डिफेंस... 4500 महिलाओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर... कोटा पुलिस की नेक पहल

कोटा पुलिस ने महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए. सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं. ऐसे समय में जिस तरह स्विमिंग और ड्राइविंग सीखना जरूरी है, उसी तरह हर महिला को आत्मरक्षा के गुर भी आने चाहिए.

Women learn self-defense techniques
चेतन गुर्जर
  • कोटा,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:37 AM IST

महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोटा शहर पुलिस ने कुन्हाड़ी स्थित लैंडमार्क सिटी के एलन सद्गुण ऑडिटोरियम में 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया. कार्यक्रम में कोचिंग छात्राओं, सुरक्षा सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स सहित करीब 4500 महिलाओं ने भाग लिया.

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, आत्मरक्षा के गुर सिखाना और समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संदेश देना रहा. मंच पर कोटा शहर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने लाइव डेमो के जरिए महिलाओं को सेल्फ डिफेंस की प्रभावी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया.

हर महिला को आने चाहिए आत्मरक्षा के गुर
सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं. ऐसे समय में जिस तरह स्विमिंग और ड्राइविंग सीखना जरूरी है, उसी तरह हर महिला को आत्मरक्षा के गुर भी आने चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि कोई रास्ते में, सार्वजनिक स्थान पर या पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अभद्रता करे या आपत्तिजनक टिप्पणी करे तो तुरंत तेज आवाज में विरोध करें. आपकी आवाज ही आपका पहला सेल्फ डिफेंस है.

20-25 महिलाएं तैयार हों, पुलिस पहुंचेगी प्रशिक्षण देने
एसपी ने घोषणा की कि यदि किसी भी सोसायटी या मोहल्ले की 20 से 25 महिलाएं आत्मरक्षा प्रशिक्षण लेना चाहती हैं तो कोटा पुलिस की कालिका टीम उनके बीच पहुंचकर विशेष प्रशिक्षण देगी. उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बेटों की तरह बेटियों पर भी भरोसा करें और उन्हें सुरक्षित रहने के तरीके सिखाकर आगे बढ़ाएं.

महिलाओं को बताए सुरक्षा ऐप और हेल्पलाइन
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को राजकॉप सिटीजन ऐप, स्टूडेंट हेल्पलाइन, गरिमा हेल्पलाइन और KSOS ऐप सहित विभिन्न सुरक्षा संसाधनों की जानकारी दी गई. साथ ही आपात स्थिति में इनका प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए, यह भी विस्तार से समझाया गया.

4500 महिलाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ
समारोह में कोटा पुलिस द्वारा ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन गरुड़व्यूह-2' की जानकारी भी साझा की गई. एसपी तेजस्वनी गौतम की मौजूदगी में ऑडिटोरियम में मौजूद सभी 4500 प्रतिभागियों ने देश को पूरी तरह नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली.

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और पुलिस टीमों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में व्याख्याता रीना कुमारी, डॉ. रिंकी, प्राचार्या किरण सिकरवार, अनिता जैन, सुरक्षा सखी पूजा शर्मा, एएनएम आरती प्रजापत, एनसीसी कैडेट दिव्या प्रजापति सहित कई महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं. इसके अलावा 40 लापता नाबालिगों और 108 वयस्कों को सुरक्षित तलाशने वाली मानव तस्करी यूनिट कोटा, स्टूडेंट सेल और महिला अपराध अनुसंधान सेल को भी मंच पर विशेष सम्मान दिया गया.

महिला अपराध अनुसंधान सेल ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन महिला अपराध अनुसंधान सेल के एएसपी मुकेश सांखला ने किया. आयोजन में पुलिस अधिकारियों, महिला वॉलंटियर्स, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही. जागरूक महिला-सशक्त समाज-सुरक्षित भविष्य तथा सुरक्षित महिला, सुरक्षित समाज, सुरक्षित कोटा अभियान का केंद्रीय संदेश रहा.


 

Read more!

RECOMMENDED