Advertisement

Kota Shrinathpuram Stadium: कोटा के 16 से 65 साल के लोगों पर चढ़ा फिटनेस का फितूर, 45 डिग्री की भीषण गर्मी में भी खेल के मैदान पर पसीना बहा रहे हैं खिलाड़ी

राजस्थान की कोचिंग सिटी कोटा का श्रीनाथपुरम स्टेडियम इन दिनों खेल प्रेमियों और फिटनेस फ्रीक्स की पहली पसंद बना हुआ है. सुबह सूरज उगने से पहले और शाम ढलते ही यहां खिलाड़ियों, युवाओं और बुजुर्गों का मेला लग जाता है.

Kota Shrinathpuram Stadium
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:42 PM IST

कोटा शहर का श्रीनाथपुरम स्टेडियम इन दिनों खेल और फिटनेस पसंद करने वाले लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. सुबह सूरज निकलने से पहले ही यहां लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है, तो वहीं शाम होते-होते स्टेडियम एक बार फिर खिलाड़ियों और युवाओं से भर जाता है. कोई रनिंग ट्रैक पर दौड़ लगाता नजर आता है तो कोई वॉक कर खुद को फिट रखने में जुटा है. वहीं कई लोग क्रिकेट, टेनिस, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस जैसे खेलों में पसीना बहाते दिखाई देते हैं.

गर्मी भी नहीं रोक पा रही खेल का जुनून
भीषण गर्मी के बावजूद खेल प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हो रहा. गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के बीच भी खिलाड़ी रोजाना अभ्यास के लिए स्टेडियम पहुंच रहे हैं. युवाओं का कहना है कि फिट रहना अब उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है. यही वजह है कि मौसम की परवाह किए बिना लोग नियमित रूप से यहां आकर एक्सरसाइज और खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं.

डॉक्टर ने दी सावधानी बरतने की सलाह
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. विपिन शर्मा का कहना है कि गर्मी में खासकर हाई एनर्जी गेम खेलने वालों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है. उनका मानना है कि शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. खिलाड़ियों को समय-समय पर पानी पीना चाहिए और ऊर्जा बनाए रखने के लिए प्रोटीन युक्त चीजें जैसे मूंगफली या हल्का पौष्टिक भोजन लेते रहना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि लगातार खेलने की बजाय बीच-बीच में आराम लेना जरूरी है, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके.

16 से 65 साल तक के लोग बन रहे हिस्सा
टेनिस खिलाड़ी प्रवीण मीणा बताते हैं कि स्टेडियम में हर उम्र के लोग खेलते नजर आते हैं. यहां 16 साल के युवा से लेकर 65 साल तक के लोग नियमित रूप से आते हैं. कई खिलाड़ी अपने साथ पानी की बोतल और हेल्दी स्नैक्स भी लेकर आते हैं, ताकि अभ्यास के दौरान शरीर में ऊर्जा बनी रहे.

लड़कियां भी खेलों में दिखा रहीं दम
श्रीनाथपुरम स्टेडियम में लड़कियों की भागीदारी भी तेजी से बढ़ रही है. कई लड़कियां वॉलीबॉल और बास्केटबॉल खेलते हुए फिटनेस पर ध्यान दे रही हैं, तो कुछ टेबल टेनिस में रुचि दिखा रही हैं. गर्मी की छुट्टियों में खेल गतिविधियां बढ़ने से युवाओं में फिटनेस को लेकर जागरूकता साफ दिखाई दे रही है.

अनुशासन और मेहनत को बताया सफलता की कुंजी
स्टेट और यूनिवर्सिटी स्तर पर पदक जीत चुके खिलाड़ियों का कहना है कि खेल में आगे बढ़ने के लिए मौसम नहीं, बल्कि जुनून मायने रखता है. उनका मानना है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत ही किसी खिलाड़ी को सफलता तक पहुंचाती है.

(रिपोर्ट- चेतन गुर्जर)
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement