शराब तस्करी पर जहां एक तरफ पुलिस शिकंजा कसती जा रही है. तो वहीं तस्कर तस्करी के लिए अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं. बाइक, कार और ट्रक के बाद अब घोड़े को भी तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. बेतिया में सामने आए इस अनोखे मामले ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है.
घोड़े पर लदी मिली शराब की बोतलें
पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतन थाना पुलिस ने बन्हौरा रोड पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक लाल-उजले रंग के घोड़े पर लदी विदेशी शराब बरामद की गई. जांच में सामने आया कि तस्कर घोड़े का इस्तेमाल शराब की ढुलाई के लिए कर रहा था.
हाथ लगी 21 लीटर शराब
प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि घोड़े के जरिए शराब यूपी से गंडक नदी पार कर बिहार लाई जा रही थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके. हालांकि, नौतन थाना पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करों का यह अनोखा जुगाड़ भी नाकाम हो गया. पुलिस ने मौके से कुल 121 पीस (180 एमएल) यानी करीब 21.780 लीटर विदेशी शराब जब्त की. साथ ही इस ‘घोड़ा एक्सप्रेस’ के संचालक बन्हौरा निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है.
नौतन थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग हैरान भी हैं और मजाक में कह रहे हैं कि अब तस्करी के इस खेल में घोड़े भी शामिल हो गए हैं.
- अभिषेक पांडेय की रिपोर्ट