Advertisement

प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, घरवालों को भनक लगी तो बक्से में छिपा...जैसे ही बाहर आया लात-घूंसों और चप्पलों से हुआ पिटाई

युवक के बक्से से बाहर निकलते ही परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. आरोप है कि युवक को लात-घूंसों और चप्पलों से पीटा गया. इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ. महिला और युवक दोनों को पकड़कर गांव में घुमाया गया.

Jalaun News
मोहम्मद अलीम सिद्दीकी
  • जालौन,
  • 14 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 12:15 PM IST

उत्तर प्रदेश के जालौन में प्रेम-प्रसंग को लेकर कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है. कालपी कोतवाली क्षेत्र के मैनपुर गांव में एक युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान महिला के परिजनों को उसके घर में होने की भनक लग गई. घर की तलाशी ली गई तो युवक कमरे में रखे एक बड़े बक्से के अंदर छिपा मिला. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. परिजनों ने युवक की पिटाई की और बाद में महिला व युवक दोनों को गांव में घुमाया.

घर की तलाशी ली तो बक्से में मिला युवक
बताया जा रहा है कि युवक का महिला के घर आना-जाना काफी समय से था. बीते रोज जब वह महिला से मिलने उसके घर पहुंचा, तभी उसके परिजन वहां आ गए. खुद को घिरता देख युवक कथित तौर पर एक बड़े बक्से के अंदर छिप गया. परिजनों ने घर की तलाशी ली तो बक्सा खुलते ही युवक उसमें छिपा मिला. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया.

लात-घूंसों और चप्पलों से की पिटाई
युवक के बक्से से बाहर निकलते ही परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. आरोप है कि युवक को लात-घूंसों और चप्पलों से पीटा गया. इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ. महिला और युवक दोनों को पकड़कर गांव में घुमाया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद रहे. लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.

पति की मौत के बाद बढ़ी थी दोनों की नजदीकी
ग्रामीणों के अनुसार, महिला के पति की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है. इसके बाद युवक उसके संपर्क में आया था. आरोप है कि युवक महिला के घर के राशन और दूसरे खर्चों में भी मदद करता था. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और उनके संबंध प्रेम-प्रसंग में बदल गए. युवक का महिला के घर आना-जाना भी बना रहता था. इसी वजह से परिवार के लोगों को दोनों के संबंधों की जानकारी होने की बात कही जा रही है.

वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. वीडियो में महिला और युवक को गांव में घुमाए जाने की बात सामने आई है. घटना को लेकर लोगों ने कानून हाथ में लेकर सार्वजनिक रूप से सजा देने पर सवाल उठाए हैं. अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कार्रवाई की मांग भी उठ रही है. मामले में कालपी पुलिस का कहना है कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement