LPG Connections New Rules 2026: एलपीजी कनेक्‍शन वाले फटाफट कर लें यह काम... वरना नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर... सरकार ने बुकिंग और डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर नियम किया है सख्त 

एलपीजी यूजर्स ध्यान दें अब गैस सिलेंडर लेने के लिए ई-केवाईसी जरूरी है. इसके बिना गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा. इसके अलावा जिनके पास दो कनेक्शन हैं या घर में पीएनजी है तो उनका एलपीजी बंद हो सकता है.

LPG Cylinder
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:36 PM IST

यदि आप एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG Gas Cylinder)का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. सरकार ने अमेरिका-इजराइल बनाम ईरान तनाव के चलते मिडिल ईस्ट से गैस और तेल का आयाता पूरे फ्लो के साथ नहीं होने के चलते एलपीजी बुकिंग और डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर कुछ नियमों को सख्त किया है, जो 1 मई से देशभर में लागू हो गए हैं. 

...तो करना होगा LPG सिलेंडर को सरेंडर 
सरकार के नए नियम के मुताबिक यदि किसी के पास एलपीजी गैस सिलेंडर का कनेक्शन है और घर पर या घर के आसपास पीएनजी पाइपलाइन का भी कनेक्शन है तो ऐसी स्थिति में आपको एलपीजी सिलेंडर को सरेंडर करना होगा. यदि आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपको तेल कंपनियों की ओर से गैस की सप्लाई नहीं की जाएगी. सरकार दोनों डेटाबेस (LPG और PNG) को आपस में जोड़कर ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान कर रही है. 

बिना ई-केवाईसी नहीं मिलेगा सिलेंडर
आपको गैस कनेक्शन चालू रखने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी वेरिफिकेशन जरूर कराना होगा. बिना केवाईसी के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी. आपको मालूम हो कि वैसे  ग्राहक जिन्होंने पहले ही अपना बायोमैट्रिक या आधार वेरिफिकेशन पूरा करवा लिया है, उन्हें यह प्रक्रिया दोबारा करने की जरूरत नहीं है.

ओटीपी आधारित डिलीवरी अनिवार्य
नए नियम के तहत सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध बिक्री पर लगाम लगाने के लिए डिलीवरी सिस्टम में भी बदलाव किया गया है. अब कई क्षेत्रों में ओटीपी आधारित डिलीवरी को अनिवार्य किया जा रहा है. जब आप सिलेंडर बुक करेंगे तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड यानी ओटीपी आएगा. जब डिलीवरी बॉय सिलेंडर लेकर आएगा, तब आपको उसे यह ओटीपी बताना होगा. वेरिफिकेशन सफल होने के बाद ही आपको सिलेंडर सौंपा जाएगा.

...तो संभावित निष्क्रिय उपयोगकर्ता माना जाएगा
सबसे बड़ा जोखिम उन उपभोक्ताओं के लिए है जिनके केवाईसी रिकॉर्ड अधूरे या पुराने हैं. जिन उपभोक्ताओं ने जून 2025 से पहले अपना एलपीजी सिलेंडर रिफिल करवाया था और उसके बाद से कोई बुकिंग नहीं की उन्हें संभावित निष्क्रिय उपयोगकर्ता माना जाएगा. ऐसे ग्राहक जब तक ई-केवाईसी नहीं करवाएंगे, तब तक नया सिलेंडर ऑर्डर नहीं कर पाएंगे.

ग्राहक तुरंत करें ये काम 
1. अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाएं या उनकी आधिकारिक वेबसाइट/एप के जरिए आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करें.
2. गैस एजेंसी के रिकॉर्ड में अपना चालू मोबाइल नंबर दर्ज करवाएं, ताकि ओटीपी मिलने में कोई परेशानी न हो.
3. सब्सिडी का लाभ लेते रहने के लिए यह जांच लें कि आधार कार्ड आपके बैंक खातों से ठीक से जुड़ा हुआ है या नहीं.
4. यदि आपके पास एक से अधिक गैस कनेक्शन हैं या आपके घर में पीएनजी भी है तो अतिरिक्त एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर कर दें.

 

Read more!

RECOMMENDED