Commercial LPG Cylinder Rates Reduced: साल 2026 का 8वां महीना अगस्त के पहले ही दिन एक खुशखबरी आई है. सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का रेट घटा दिया है. नया रेट 1 अगस्त 2026 से ही लागू हो गया है. उधर, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई कमी नहीं की गई है.
दिल्ली और कोलकाता में इतने रुपए की कटौती
अब 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में देश की राजधानी दिल्ली में 202 रुपए की कटौती की गई है. अब दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2728 रुपए में मिलेगा. पहले इसका रेट 2930 रुपए था. 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर का रेट कोलकाता में 209 रुपए घटाया गया है. कोलकाता में अब इसका रेट 2872.50 रुपए हो गया है. कमर्शियल सिलेंडर का रेट घटने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग, चाय की थड़ी लगाने वाले और खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को खूब फायदा होगा.
जुलाई महीने में भी मिली थी राहत
आपको मालूम हो कि इससे पहले 1 जुलाई 2026 को एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए गए थे. उस समय कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपए की कटौती की गई थी. 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 183.50 रुपए घटाकर 2930 रुपए कर दी गई थी. पहले इसकी कीमत 3113.50 रुपए थी. इसी तरह कोलकाता, लखनऊ और पटना समेत विभिन्न शहरों में भी कीमतों में कमी देखने को मिली थी. जुलाई की कटौती के बाद लखनऊ में कीमत 3052.50 रुपए, कोलकाता में 3081.50 रुपए और पटना में घटकर 3227 रुपए रह गई थी.
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है. घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दाम जैसे थे वैसे ही रखे गए हैं. नई दिल्ली में 14 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपए बनी हुई है. कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपए पर स्थिर है. मुंबई में 14 Kg वाला घरेलू गैस सिलेंडर 941.50 रुपए में और चेन्नई में 957.50 रुपए में मिल रहा है. आपको मालूम हो घरेलू गैस उपभोक्ताओं को मार्च और जून में कीमतों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा था. घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में मार्च में 60 रुपए और जून में 29 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी. आम लोगों को भी उम्मीद है कि केंद्र सरकार जल्द घरों में इस्तेमाल होने वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत भी कम करेगी.