LPG new rules: 30 जून के बाद बंद हो जाएंगे LPG कनेक्शन? जान लें सरकार का ये नया नियम, वरना...

सरकार ने साफ किया है कि 30 जून 2026 के बाद LPG कनेक्शन बंद होने की खबरें केवल अफवाह हैं. इसलिए उपभोक्ता सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी से बचें और केवल सरकारी या गैस कंपनियों की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें.

LPG new rules
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:59 PM IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 30 जून 2026 के बाद इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के LPG कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे. मध्य पूर्व में जारी तनाव और देश में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा देने की सरकारी पहल के बीच फैली इस अफवाह ने लाखों उपभोक्ताओं को चिंता में डाल दिया है. हालांकि केंद्र सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि 30 जून की समयसीमा केवल PNG अपनाने के लिए दी गई अवधि का हिस्सा है, न कि LPG कनेक्शन बंद करने की अंतिम तारीख.

क्या है 30 जून 2026 की समयसीमा?
मार्च 2026 में केंद्र सरकार ने उन क्षेत्रों के लिए 90 दिनों की संक्रमण अवधि घोषित की थी, जहां PNG की सुविधा उपलब्ध है. इस अवधि का उद्देश्य लोगों को धीरे-धीरे LPG से PNG की ओर स्थानांतरित होने के लिए प्रोत्साहित करना था. यह 90 दिन की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो रही है. हालांकि सरकार ने कहीं भी यह नहीं कहा है कि इस तारीख के बाद LPG कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे. फिलहाल देशभर में LPG कनेक्शन समाप्त करने संबंधी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है.

क्या कहती है सरकार की LPG-PNG नीति?
सरकार का उद्देश्य घरेलू गैस उपभोक्ताओं के बीच PNG का उपयोग बढ़ाना है. इसी दिशा में कुछ नियम बनाए गए हैं ताकि एक ही घर में दो गैस कनेक्शन रखने की प्रवृत्ति को कम किया जा सके. नीति के अनुसार जिन घरों में पहले से PNG की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें नए LPG कनेक्शन लेने में दिक्कत हो सकती है. कुछ मामलों में PNG कनेक्शन एक्टिव होने के बाद उपभोक्ताओं से LPG कनेक्शन सरेंडर करने के लिए भी कहा जा सकता है. हालांकि यह प्रक्रिया क्षेत्र और स्थानीय नियमों के आधार पर लागू की जा सकती है.

कितने उपभोक्ता PNG से जुड़े?
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार मार्च 2026 से अब तक करीब 10 लाख PNG कनेक्शन एक्टिव किए जा चुके हैं. इसके अलावा 3.22 लाख नए कनेक्शनों के लिए आधारभूत ढांचे का विकास जारी है. मंत्रालय ने यह भी बताया कि PNG के नए कनेक्शन के लिए लगभग 9.94 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं.

सरकार ने साफ किया है कि 30 जून 2026 के बाद LPG कनेक्शन बंद होने की खबरें केवल अफवाह हैं. इसलिए उपभोक्ता सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी से बचें और केवल सरकारी या गैस कंपनियों की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED