श्योपुर जिले के वीरपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गई, जब एक महिला विरोध जताने के लिए करीब 50 फीट ऊंचे बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गई. महिला का आरोप है कि प्रशासन उसकी पुस्तैनी जमीन पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि उसकी वास्तविक जमीन का सीमांकन नहीं कराया गया. सुबह करीब 11 बजे टावर पर चढ़ी महिला रात 9 बजे तक भी नीचे नहीं उतरी, जिससे प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई.
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विरोध
रविवार सुबह प्रशासन और पुलिस की टीम वीरपुर तहसील के पास शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी. इसी दौरान रामा रावत, पत्नी बाबूलाल रावत ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पास में स्थित बीएसएनएल के करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
महिला बोली- पहले पुस्तैनी जमीन का सीमांकन कराइए
महिला का कहना है कि यदि संबंधित जमीन सरकारी है तो पहले उसकी पुस्तैनी जमीन का सीमांकन कराया जाए और उसे उसकी वास्तविक जमीन वापस दिलाई जाए. वह जमीन के बदले जमीन देने की मांग पर अड़ी रही और इसी मांग को लेकर टावर से नीचे उतरने से इनकार कर दिया.
प्रशासन और पुलिस दिनभर करती रही समझाइश
महिला के टावर पर चढ़ते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. विजयपुर एसडीएम अभिषेक मिश्रा, डीएसपी मुख्यालय पीएम गोयल, तहसीलदार वीरेंद्र बघेल, पटवारी, आरआई समेत सात थानों की पुलिस और पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया. पूरे दिन अधिकारी महिला और उसके परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका.
परिजनों ने भी प्रशासन को दी चेतावनी
मौके पर मौजूद महिला के परिजनों ने प्रशासन को आवेदन देकर धरना देने की चेतावनी दी. उनका कहना है कि परिवार कई वर्षों से इस जमीन पर खेती करता आ रहा है और प्रशासन उनकी बात सुने बिना कार्रवाई कर रहा है. परिजनों ने मांग की कि पहले पुस्तैनी जमीन का सीमांकन कराया जाए, उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जाए.
मां को देखकर रोते रहे बच्चे
दिनभर चले इस घटनाक्रम के बीच सबसे भावुक दृश्य महिला के बच्चों का रहा. मां के टावर पर चढ़े रहने से बच्चे पूरे दिन रोते-बिलखते रहे, जबकि परिजन उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे. देर शाम तक भी महिला टावर से नीचे नहीं उतरी और प्रशासन उसे सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास में जुटा रहा.
पुलिस बोली- प्राथमिकता महिला को सुरक्षित नीचे उतारना
वीरपुर थाना प्रभारी महाराज सिंह बघेल ने बताया कि महिला सुबह से ही टावर पर चढ़ी हुई है. प्रशासन और पुलिस लगातार महिला व उसके परिजनों से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल वे किसी आश्वासन को मानने के लिए तैयार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता महिला को सुरक्षित नीचे उतारना है.
बातचीत से समाधान की कोशिश जारी
वीरपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अब प्रशासन और प्रभावित परिवार के बीच टकराव का रूप ले चुकी है. फिलहाल पूरा प्रशासनिक अमला महिला को सुरक्षित नीचे उतारने और विवाद का समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है. अब देखना होगा कि बातचीत के जरिए यह गतिरोध कब खत्म होता है.
ये भी पढ़ें