Advertisement

Madurai News: इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को भारी पड़ी एक गलती, फॉलोअर्स से मांगी मिठाई, तो COD पर घर पहुंचने लगे लाखों के टीवी और फ्रिज

तमिलनाडु के मदुरै में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर वीरमणि ने अपने फॉलोवर्स से दिवाली पर मिठाइयां पाने की उम्मीद में अपना मोबाइल नंबर और पता सोशल मीडिया पर शेयर किया था. उन्हें लगा कि उनके फैंस उन्हें मिठाइयां भेजेंगे, लेकिन लोगों ने उनके नाम पर लाखों रुपये के टीवी, फ्रिज आदि के फर्जी COD ऑर्डर भेज दिए. डिलीवरी बॉयज और फर्जी ऑर्डर्स की परेशानी के चलते उन्हें शहर छोड़ना कहीं ओर जाना पड़ा.

इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर वीरमणि
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:06 PM IST

तमिलनाडु के मदुरै में रहने वाले एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर के साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्हें अपना घर छोड़कर शहर से बाहर जाना पड़ा. वीरमणि ने सोशल मीडिया पर अपना फोन नंबर और घर का पता शेयर किया था. उन्हें उम्मीद थी कि फॉलोअर्स दिवाली पर मिठाइयां भेजेंगे, लेकिन मिठाई के डिब्बों की जगह उनके नाम पर कैश ऑन डिलीवरी (COD) के फर्जी ऑर्डर आने लगे. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उन्हें सोशल मीडिया पर लोगों से ऐसा करना बंद करने की अपील तक करनी पड़ी.

मिठाई की जगह घर पहुंचने लगे टीवी और फ्रिज के ऑर्डर
वीरमणि ने दिवाली के मौके पर अपने फॉलोअर्स से मिठाइयां पाने की उम्मीद में अपना पता शेयर किया था. लेकिन कुछ लोगों ने इसी जानकारी का इस्तेमाल उन्हें परेशान करने के लिए किया. उनके नाम पर महंगे घरेलू सामान के फर्जी COD ऑर्डर किए जाने लगे. इन ऑर्डर में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और दूसरे घरेलू सामान शामिल थे. बताया गया कि एक टीवी का ऑर्डर 1.69 लाख रुपये का था. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट भी फैलने लगीं, जिनमें दावा किया गया कि वीरमणि के नाम पर 70 करोड़ रुपये का T-90 सैन्य टैंक, एक एंबुलेंस और यहां तक कि एक रॉकेट भी ऑर्डर किया गया है. हालांकि, टैंक, एंबुलेंस और रॉकेट से जुड़े ये दावे फर्जी पोस्ट में किए गए थे. इनका जिक्र असली डिलीवरी के तौर पर नहीं किया गया है.

आधे घंटे में आए 15 ऑर्डर, डिलीवरी बॉय भी परेशान
लगातार ऑर्डर आने से वीरमणि के लिए हालात संभालना मुश्किल हो गया. चूंकि ये सभी ऑर्डर कैश ऑन डिलीवरी पर किए गए थे, इसलिए सामान की डिलीवरी के समय उनसे पैसे मांगे जा रहे थे, जबकि उन्होंने ये चीजें मंगाई ही नहीं थीं. इस पूरे मामले में डिलीवरी करने वाले कर्मचारी भी बेवजह परेशान हुए. वे लंबी दूरी तय करके सामान लेकर वीरमणि के घर पहुंच रहे थे, जबकि ऑर्डर उनकी तरफ से किए ही नहीं गए थे. परेशान होकर वीरमणि ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया और फर्जी ऑर्डर करने वालों से ऐसा बंद करने की अपील की. उन्होंने कहा, 'तुम लोग ऐसा क्यों कर रहे हो? डिलीवरी बॉय इतनी दूर से आ रहे हैं. ऐसा करना बंद करो. आधे घंटे में 15 ऑर्डर आ गए और मेरे पास इन सबके पैसे नहीं हैं.'

डिलीवरी कर्मचारियों को भी नहीं छोड़ रहे लोग
एक अन्य वीडियो में वीरमणि ने डिलीवरी कर्मचारियों की परेशानी का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है, जबकि वे सिर्फ अपना काम कर रहे हैं. उन्होंने अपील करते हुए कहा, 'मुझे उनकी डांट क्यों सुननी पड़े? वे अपना काम कर रहे हैं और बेवजह इसमें फंस रहे हैं. मेरे पास पैसे नहीं हैं, मैं सिर्फ गुहार लगा रहा हूं. ऐसा करना बंद करो.' वीरमणि की इन अपीलों के बावजूद उन्हें परेशान करने का सिलसिला नहीं रुका. महंगे ऑर्डर किए जाने और लोगों के नाराज होकर उन्हें डांटने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं.

परेशान होकर शहर छोड़ने का लिया फैसला
लगातार हो रही परेशानी के बीच वीरमणि ने एक और वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने बताया कि वह शहर छोड़कर जा रहे हैं, क्योंकि लाखों रुपये के ऑर्डर किए जाने के बाद लोग उनके पीछे पड़ गए हैं और उन्हें डांट रहे हैं. उन्होंने कहा, 'मैं शहर से बाहर जा रहा हूं. लोगों ने लाखों के ऑर्डर कर दिए हैं और अब बहुत से लोग मेरे पीछे पड़े हैं. वे मुझे डांट रहे हैं.' वीरमणि ने कभी सपने भी नहीं सोचा होगी कि उनकी छोटी सी लापरवाही उनके लिए इतनी बड़ी मुश्किल खड़ी कर देगी.   
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement