Advertisement

माफिया के कब्जे से गरीबों की छत तक: अतीक की जमीन पर बने फ्लैटों में पीएम मोदी के जन्मदिन पर मनेगी दिवाली

माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर अब उम्मीदों के दीप जलने जा रहे हैं. प्रयागराज के लूकरगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 76 फ्लैटों में रहने वाले गरीब परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव मनाएंगे.

Modi Govt Best Scheme
समर्थ श्रीवास्तव
  • प्रयागराज ,
  • 16 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST

प्रयागराज के लूकरगंज में कभी माफिया अतीक अहमद के कब्जे वाली जमीन अब गरीब परिवारों के लिए उम्मीद और नई शुरुआत की पहचान बन गई है. इसी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए 76 फ्लैटों में रहने वाले परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव मनाने की तैयारी कर रहे हैं. लाभार्थी अपने घरों को दीयों और रोशनी से सजाएंगे और इस खास मौके पर मिठाई भी बांटी जाएगी.

अतीक की जमीन पर बने 76 फ्लैट
दरअसल, प्रयागराज शहर पश्चिमी से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि जिस जमीन पर कभी अतीक अहमद का कब्जा था, उसे सरकार ने खाली कराया. इसके बाद यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 76 फ्लैट बनाए गए. अब इन घरों में जरूरतमंद परिवार रह रहे हैं. सिद्धार्थ नाथ सिंह के मुताबिक, इन परिवारों ने खुद इच्छा जताई कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर हर घर में दीया जलाया जाए. इसके बाद प्रशासन और स्थानीय स्तर पर उनके लिए दीयों और मिठाई की व्यवस्था की जा रही है. विधायक ने कहा कि शाम करीब 7 बजे पूरा इलाका रोशनी से जगमगाएगा.

'किसी के साथ भेदभाव नहीं हुआ'
विधायक ने दावा किया कि 76 लाभार्थियों में मुस्लिम परिवार भी शामिल हैं. उन्होंने इसे 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' का उदाहरण बताया. उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ धर्म के आधार पर नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को पक्की छत देना है. आज इसी जमीन पर परिवार अपने घरों में सुरक्षित और सम्मान के साथ रह रहे हैं.

सपा ने लगाया ध्रुवीकरण का आरोप
वहीं, इस आयोजन को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज काका ने बीजेपी पर सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर सरकार भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो पूरे प्रदेश में बड़े भूमाफियाओं की जमीनों पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए. सपा प्रवक्ता ने कहा कि जौनपुर, मिर्जापुर और लखनऊ समेत दूसरे इलाकों में भी अगर जमीनों पर अवैध कब्जे हैं, तो सरकार उन्हें खाली कराकर गरीबों को जमीन देने की कार्रवाई करें.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement