TET Paper Leak: पेपर लीक के शक में टली महाराष्ट्र TET 2026 परीक्षा, 4.28 लाख उम्मीदवारों को बड़ा झटका

राज्य सरकार ने 28 जून को होने वाली टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी TET 2026 परीक्षा को पेपर लीक की आशंका के चलते स्थगित कर दिया है.

TET Paper Leak
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:55 PM IST

महाराष्ट्र में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवारों को बड़ा झटका लगा है. राज्य सरकार ने 28 जून को होने वाली टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी TET 2026 परीक्षा को पेपर लीक के शक के कारण फिलहाल टाल दिया है. परीक्षा से एक दिन पहले पुलिस को कुछ लोगों के पास प्रश्न पत्र होने की सूचना मिली थी. जांच में कुछ सवाल असली पेपर से मिलते पाए गए. इसके बाद परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया गया.

भिवंडी में मिली थी पेपर लीक की सूचना
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के निदेशक नंदकुमार बेडसे ने बताया कि 27 जून की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भिवंडी में कुछ लोगों के पास TET परीक्षा का प्रश्नपत्र है. इसके बाद भिवंडी पुलिस ने तुरंत छापा मारा. मौके से मिले दस्तावेजों की जांच परीक्षा परिषद के अधिकारियों से कराई गई. जांच में पता चला कि दस्तावेजों में मौजूद कुछ सवाल असली TET 2026 प्रश्न पत्र से मेल खाते हैं. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा टाली गई
परीक्षा परिषद ने बताया कि इस बार परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए कई इंतजाम किए गए थे. लेकिन पेपर लीक की आशंका सामने आने के बाद परीक्षा कराना सही नहीं माना गया. इसलिए परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है. अब जांच पूरी होने के बाद नई परीक्षा तिथि आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी.

4.28 लाख उम्मीदवारों पर पड़ा असर
इस परीक्षा में पूरे महाराष्ट्र से करीब 4 लाख 28 हजार उम्मीदवार शामिल होने वाले थे. परीक्षा राज्य के 1,428 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी. इनमें 2,26,263 ऐसे शिक्षक भी थे जो पहले से नौकरी कर रहे हैं और TET की योग्यता हासिल करने के लिए परीक्षा देने वाले थे. बाकी उम्मीदवार पहली बार शिक्षक बनने के लिए यह परीक्षा देने जा रहे थे.

2025 में भी हुआ था पेपर लीक
बता दें कि, यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र में TET परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया है. साल 2025 में भी कोल्हापुर से TET का पेपर लीक होने की घटना हुई थी. लगातार दूसरी बार ऐसी घटना होने से लाखों उम्मीदवारों की चिंता बढ़ गई है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर कैसे लीक हुआ और इस मामले में किन लोगों का हाथ है.

ये भी पढ़ें: 


 

Read more!

RECOMMENDED