उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी बीज की कालाबाजारी का मामला सामने आया है. चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार पर प्रभारी सोनू यादव को किसानों के लिए आए चने के बीज की सौ बोरियां पिकअप में लादकर ले जाते रंगे हाथों पकड़ लिया. विधायक का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने आरोपी प्रभारी को थप्पड़ तक जड़ दिए और कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वहीं, पुलिस ने पिकअप और बीज जब्त कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
विधायक ने जड़ा थप्पड़-
महोबा जनपद के चरखारी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के तेवर उस वक्त तीखे हो गए, जब उन्होंने सरकारी योजनाओं में सेंधमारी करने वाले एक जिम्मेदार अधिकारी को रंगे हाथों धर दबोचा. चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों के बीच बांटने के लिए सरकार की ओर से निशुल्क चने का बीज भेजा गया था. आरोप है कि बुधवार रात के अंधेरे में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर इस बेशकीमती सरकारी बीज को चुपचाप पिकअप वाहन में लोड कर कालाबाजारी के लिए ले जा रहा था. शिकायत मिलने पर विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए. गोदाम प्रभारी से जब्ती और कागजात को लेकर पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और गुमराह करने की कोशिश करने लगा. इस दौरान विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने गोदाम प्रभारी को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो और उसे दो थप्पड़ जड़ दिए.
वीडियो वायरल-
थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें विधायक कड़े तेवर दिखाते नजर आ रहे हैं. विधायक ने साफ चेतावनी दी है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल की हवा खिलाई जाएगी. जरूरत पड़ेगी तो इनका लठ पूजन किया जाएगा.
पुलिस ने दर्ज किया मामला-
सूचना मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप वाहन से चने के बीज के करीब सौ बोरी बीज बरामद किए गए. जिसकी कीमत चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है. फिलहाल प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी. पुलिस ने वाहन समेत पूरा सरकारी बीज अपने कब्जे में ले लिया है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के भ्रष्ट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.
ये भी पढ़ें: