बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की प्रमुख मेलिंडा गेट्स ने उत्तर प्रदेश के कोविड मैनेजमेंट समेत अन्य नीतियों की सराहना की है. यूपी के दौरे पर पहुंचीं मेलिंडा गेट्स में कहा कि 'उत्तर प्रदेश भारत ही नहीं दुनिया के लिए मॉडल है.' उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. साथ ही बैठक में गेट्स फाउंडेशन के आगामी कार्यों पर चर्चा की.
मिलिंडा गेट्स ने की यूपी के ग्रोथ मॉडल की सराहना
लखनऊ पहुंचीं मेलिंडा गेट्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. मेलिंडा गेट्स ने यूपी के ग्रोथ मॉडल की सराहना की. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात में उन्होंने अन्य कई मोर्चों पर भी काम करने की सम्भावना जताई. प्रदेश में गेट्स फाउंडेशन कई तरह के सामाजिक कार्यों में भागीदारी कर रहा है. खास तौर पर संचारी रोगों के क्षेत्र में फाउंडेशन ने काम किया है. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उनको बताया कि संचारी रोगों पर नियंत्रण में फाउंडेशन की प्रभावी भूमिका रही है.
यूपी की मदद करेगा गेट्स फाउंडेशन
गेट्स फाउंडेशन को ओर से लिए जा रहे कार्यों के निरीक्षण के लिए पहुंचीं मेलिंडा गेट्स ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण के साथ अब कृषि क्षेत्र में काम करने का संकेत दिया है. ख़ास तौर पर यूपी को लॉजिस्टिक और टेक्निकल सपोर्ट देने में गेट्स फाउंडेशन सहयोग करेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में अधिकारी भी शामिल हुए. मेलिंडा गेट्स ने यूपी जैसी बड़ी और सघन आबादी के राज्य में कोविड प्रबंधन के कार्यों की चर्चा की. उन्होंने बताया कि इससे दुनिया को सीखना चाहिए. साथ ही यूपी में महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री योगी की नीतियों पर भी चर्चा हुई.
विधानसभा अध्यक्ष से भी की मुलाकात
मुख्यमंत्री से मुलाकात के अलावा मेलिंडा गेट्स ने यूपी विधान भवन पहुँच कर विधानसभा अध्यक्ष से भी मुलाक़ात की. उन्होंने विधानसभा की गैलरी और बैठक के मुख्य मंडप को देखा. विधानसभा अध्यक्ष ने उनको बताया कि यूपी की विधानसभा भारत की सबसे बड़ी विधानसभा है.
विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ उन्होंने गेट्स फाउंडेशन के कार्यों पर चर्चा की. मेलिंडा गेट्स ने कहा कि यूपी विधानसभा के विधायक अलग अलग क्षेत्रों में गेट्स फाउंडेशन के जनहित के कार्यों का लाभ लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर सकते हैं. विधानसभा अध्यक्ष ने उनको बताया कि इस बार सबसे ज्यादा प्रोफेशनल, डॉक्टर, इंजीनियर चुन कर यूपी विधानसभा में पहुंचे हैं.