दिल्ली के मिंटो रोड स्थित काली माता मंदिर परिसर में सफाई अभियान के दौरान कंकाल मिलने से वहां मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई. सफाई के दौरान मिली इस चीज को देखकर पहले इसे संदिग्ध मानव कंकाल माना गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
कबाड़ कारोबारी ने बताई पूरी बात
मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान कबाड़ के बीच कंकाल दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील किया और आगे की जांच शुरू की. जांच के दौरान कबाड़ खरीदने वाले मोहम्मद अबरार से भी जानकारी ली गई. उन्होंने बताया कि उन्होंने एक स्कूल से कबाड़ खरीदा था और उसे 9 जुलाई को यहां लाया गया था. उनके मुताबिक, वह स्कूल से ऐसे कई बक्से लेकर आए थे, जो पिछले कुछ महीनों से इसी जगह रखे हुए थे.
पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सफाई अभियान के दौरान कबाड़ के बीच कंकाल जैसी वस्तु मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया कि कबाड़ कारोबारी को यह चीज एक स्कूल से मिली थी. पुलिस फिलहाल उसके बयानों और स्कूल प्रशासन से मिली जानकारी की पुष्टि कर रही है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह कंकाल स्कूल के बायोलॉजिकल वेस्ट का हिस्सा है. इसे पढ़ाई और डेमोन्स्ट्रेशन के उद्देश्य से लिया गया था. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी पूरे तथ्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि बरामद चीज असली कंकाल है या नकली, इसका सटीक पता फॉरेंसिक और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चलेगा. फिलहाल कबाड़ कारोबारी और स्कूल प्रशासन से जानकारी जुटाकर मामले की पुष्टि की जा रही है.
ये भी पढ़ें