Advertisement

Monsoon 2026: जुलाई में मानसून की हुई जोरदार वापसी, फिर भी देश में 12% बारिश की कमी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा असर

मानसून की शुरुआत इस साल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. जून में देशभर में सामान्य 165.3 मिमी के मुकाबले केवल 106.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 35.4% की कमी है.

Monsoon .(Photo: AI-generated)
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 03 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:42 AM IST
  • देश में 12% बारिश की कमी
  • पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा असर

देश में मानसून ने जुलाई में दमदार वापसी जरूर की, लेकिन जून की कमजोर शुरुआत का असर अब भी बना हुआ है. 1 जून से 2 अगस्त 2026 के बीच भारत में सामान्य 463.6 मिमी के मुकाबले सिर्फ 410.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है. यानी अब तक देश में 12% कम बारिश हुई है. हालांकि मध्य भारत में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई, जबकि पूर्वोत्तर, पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र अब भी बड़े बारिश घाटे से जूझ रहे हैं.

जून में कमजोर रहा मानसून
मानसून की शुरुआत इस साल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. जून में देशभर में सामान्य 165.3 मिमी के मुकाबले केवल 106.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 35.4% की कमी है. चारों प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हुई. सबसे ज्यादा असर मध्य भारत पर पड़ा, जहां बारिश सामान्य से 50.3% कम रही. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में 31.6%, पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 30.1% और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 19.9% की कमी दर्ज की गई.

जुलाई में बदली तस्वीर, मध्य भारत ने संभाली स्थिति
जुलाई में मानसून ने रफ्तार पकड़ी और देशभर में 283.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 280.5 मिमी है. यानी जुलाई में 1% अधिक बारिश दर्ज की गई. इस दौरान सबसे शानदार प्रदर्शन मध्य भारत का रहा, जहां 426.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 33% ज्यादा है. हालांकि, पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में हालात नहीं सुधरे और यहां 29% बारिश की कमी बनी रही. दक्षिण भारत में भी सामान्य से 25% कम बारिश हुई, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में 4% की मामूली कमी दर्ज की गई.

अगस्त की शुरुआत अच्छी लेकिन सभी क्षेत्रों को नहीं मिला फायदा
अगस्त के पहले दो दिनों में देश में सामान्य 17.8 मिमी के मुकाबले 19.4 मिमी बारिश हुई, यानी 9% अधिक बारिश दर्ज की गई. इस दौरान मध्य भारत में 33% और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 71% अधिक बारिश हुई. हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में 46% और पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 20% की कमी बनी रही, जिससे क्षेत्रीय असमानता साफ दिखाई देती है.

कहां सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम बारिश हुई?
1 जून से 2 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार मध्य भारत ही देश का एकमात्र क्षेत्र है, जहां सामान्य से 5.7% अधिक बारिश हुई है. इसके विपरीत उत्तर-पश्चिम भारत में 13.3%, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 19.9% और पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 29.3% बारिश की कमी दर्ज की गई है. अगर अगस्त में अच्छी बारिश नहीं हुई तो इसका असर खरीफ फसलों पर पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement