Advertisement

Moradabad: पुलिसवाला गुंडा! दारोगा और सिपाही की होटल में गुंडई, CCTV कैमरे में कैद मारपीट और तोड़फोड़

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद में एक दारोगा और सिपाही ने एक होटल में जमकर तांडव किया. दोनों नशे में धुत थे. होटल में मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

Moradabad News
gnttv.com
  • मुरादाबाद,
  • 28 नवंबर 2025,
  • अपडेटेड 6:27 PM IST

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र से पुलिस की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. तिकोनिया स्थित एक होटल में नशे में धुत एक दारोगा और सिपाही ने देर रात जमकर उत्पात मचाया. होटल में हुई मारपीट और तोड़फोड़ का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा मामला?
होटल संचालक मोहम्मद शारिक के मुताबिक बुधवार देर रात होटल बंद होने का समय हो चुका था. इसी दौरान ठाकुरद्वारा कोतवाली में तैनात दारोगा सुरेंद्र कुमार और सिपाही रजत होटल पहुंचे और खाना मांगने लगे. होटल स्वामी का कहना है कि उसने दुकान बंद होने की वजह से खाना देने से मना किया तो दोनों पुलिसकर्मी भड़क उठे.

आरोप है कि दोनों नशे में थे और होटल के अंदर घुसते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी. इतना ही नहीं, दारोगा और सिपाही ने होटल के स्टाफ और मालिक के साथ लोहे के वाइपर से बेरहमी से पिटाई की. घटना के दौरान कर्मचारियों को जान बचाकर भागना पड़ा.

होटल मालिक का गंभीर आरोप-
होटल स्वामी ने दावा किया कि आरोपी दारोगा अक्सर होटल में खाना खाते थे और कई बार बिना बिल चुकाए चले जाते थे. जब बुधवार रात उन्हें बिना बिल के भोजन देने से रोका गया तो उन्होंने हमला कर दिया.

शिकायत दर्ज, न्याय की मांग-
घटना से दहशत में आए होटल स्वामी शारिक ने तुरंत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई. शारिक का कहना है कि वह इस मामले में पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करेगा.

वायरल हुआ सीसीटीवी वीडियो-
होटल के अंदर हुई तोड़फोड़ और मारपीट का पूरा वीडियो सीसीटीवी में कैद है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग पुलिस कर्मियों की इस हरकत को लेकर नाराज़गी जता रहे हैं.

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया वीडियो संज्ञान में लिया गया है. इसमें चौकी इंचार्ज सुरेंद्र और कांस्टेबल और रजत को निलंबित किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है.

(जगत गौतम की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement