Advertisement

Ayodhya में रामभक्तों को जाम से मिलेगी मुक्ति, पहली Multilevel Parking तैयार, एक साथ पार्क हो सकेंगी 282 कारें और इतनी बाइक

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. किसी को कोई परेशानी न हो इसके लिए योगी सरकार ने ट्रैफिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को नए सिरे से दुरुस्त करने का प्लान तैयार किया है.

Multilevel Parking
शिल्पी सेन
  • लखनऊ,
  • 11 दिसंबर 2023,
  • अपडेटेड 9:04 PM IST
  • एक साथ 309 दो पहिया वाहन हो सकेंगे पार्क 
  • लोगों को आवाजाही में होगी सहूलियत 

अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है. इस बीच प्राण प्रतिष्ठा की तारीख भी तय हो गई है. इसे देखते हुए रामनगरी में आने वालों को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए अयोध्या में यात्री सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है. शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग बन कर तैयार है. अयोध्या के व्यस्त इलाके कचहरी रोड पर इस पार्किंग से शहर की मुख्य सड़क पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.

रामनगरी को नए सिरे से सजाया जा रहा
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख जैसे-जैसे पास आ रही है रामनगरी को पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए नए सिरे से सजाया-संवारा जा रहा है. शहर में यात्री और पर्यटक सुविधाओं का विकास भी योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है. अयोध्या आने वाले लोगों और अयोध्या के मूल निवासियों को ट्रैफिक जाम से निजात देने के लिए अयोध्या में भव्य मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया गया है. इसका उद्घाटन अभी होना है. इससे अयोध्या जिला कचहरी के बाहर मुख्य मार्ग पर अधिवक्ताओं व वादकारियों के वाहनों से जाम नहीं लगेगा. यह एक ऐसी समस्या थी जिससे अयोध्या के लोगों को मुख्य मार्ग से आवाजाही में काफी दिक्कत होती थी. अब इस रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

इस योजना के तहत किया गया है निर्माण
इस मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत किया गया है. अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने और यहां आने वालों को बेहतर अनुभव देने के साथ यहां के निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के मामले को चिह्नित किया गया था. अयोध्या में कचहरी के बाहर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. मल्टी लेवल पार्किंग के बन जाने से अधिवक्ताओं और वादकारियों को अपने वाहन खड़ा करने की जगह मिल जाएगी.

दुकानों का भी कराया जा रहा निर्माण 
राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 37.08 करोड़ की लागत से स्मार्ट वाहन पार्किंग और आसपास दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण की जिम्मेदारी सीएनडीएस उत्तर प्रदेश और जल निगम अयोध्या को दी गई थी. 20 मार्च 2022 को मल्टीलेवल पार्किंग की बिल्डिंग का निर्माण प्रारंभ हुआ था, जो 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है. इस मल्टीलेवल पार्किंग में 282 चार पहिया वाहन (Four Wheelers) और 309 दो पहिया वाहन ( Two Wheelers) पार्क हो सकते हैं. आसपास 15 दुकान और एक कैंटीन का निर्माण भी किया गया है. जिससे कचहरी आने वालों को सुविधा मिले. मल्टीलेवल पार्किंग की बिल्डिंग में चार लिफ्ट भी लगाई गई है. इसके साथ ही ई-चार्जिंग प्वाइंट भी बनाया गया है.

मंदिर निर्माण के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ेगी संख्या
अयोध्या में श्रीराम के भव्य और दिव्य मंदिर का उद्घाटन होने के बाद अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद के कई महीने अयोध्या में क्राउड मैनेजमेंट की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण है. इसे देखते हुए योगी सरकार अयोध्या में ट्रैफिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को नए सिरे से दुरुस्त करने का पूरा प्लान तैयार किया है.

अधिवक्ता संघ ने की थी पार्किंग की मांग
अयोध्या में कचहरी के बाहर का इलाका सबसे व्यस्त इलाकों में आता है. यहां पार्किंग के स्थान की जरूरत काफी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. इसलिए कचहरी के पास ही मल्टी लेवल पार्किंग की बिल्डिंग का निर्माण किया गया. 2007 में कचहरी (तब फैजाबाद) में हुए बम ब्लास्ट के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा को देखते हुए दो पहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया था. इसलिए बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन की पार्किंग करते हैं. इससे इस मुख्य सड़क पर जाम की समस्या बढ़ती गई. अधिवक्ता संघ की ओर से कई बार पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल की मांग भी की गई थी. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement