Advertisement

Mumbai Malad FDA Raid: लोगों की सेहत से खिलवाड़! FDA की जांच में सामने आए रिपोर्ट ने फूड हाइजीन पर खड़े किए सवाल, अब खाने से पहले सोचेंगे 100 बार

मुंबई जैसे बड़े शहर में सड़क किनारे या छोटी जगह पर मिलने वाला खाना हजारों मिडिल क्लास परिवार का पेटों को भरने का काम करता है. कई छात्र और ऑफिस जानें वाले लोग इन जगहों पर निर्भर हैं. लेकिन जिस तरह की हालत मलाड स्थित एक होटल से FDA की जांच में सामने आई है, उसने फूड हाइजीन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Mumbai Malad FDA Raid (AI MADE IMAGE)
gnttv.com
  • मुंबई ,
  • 20 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:49 AM IST

मुंबई में बाहर खाना खाने वालों की चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है. महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA की जांच में मलाड पश्चिम स्थित होटल राधा की रसोई में सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं. इसके बाद होटल का फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

रसोई में मिले जिंदा चूहे और कॉकरोच
18 अगस्त को हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को होटल की रसोई में जिंदा चूहे और कॉकरोच मिले. निरीक्षण के दौरान कुछ चूहे छत के पास दिखाई दिए, जबकि कुछ खुले ड्रेनेज सिस्टम के जरिए रसोई में आते पाए गए. रसोई के नाले भी खुले और खराब हालत में थे. इससे कीड़े-मकौड़ों और चूहों के लिए सीधे रसोई में आने का रास्ता बना हुआ था.

खाना बनाने वाले उपकरण भी नहीं थे साफ
जांच के दौरान अधिकारियों को खाना तैयार करने वाले उपकरणों पर भी कॉकरोच मिले. इसके अलावा किचन में तेल और ग्रीस की मोटी परतें जमा थीं. पानी जमा होने के कारण बदबू आ रही थी और काउंटर व बर्तन भी गंदे पाए गए. खाद्य सामग्री के स्टोरेज में भी लापरवाही सामने आई. यानी मामला केवल रसोई की सामान्य सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि खाना तैयार करने, रखने और संभालने की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए.

डस्टबिन के ऊपर रखा था टोस्टर
निरीक्षण के दौरान खुले डस्टबिन के ऊपर टोस्टर रखा हुआ मिला. वहीं कुछ खाद्य सामग्री धूल और गंदगी के बीच रखी हुई थी. कई बर्तनों में जंग के निशान भी अधिकारियों को मिले. इन सभी कमियों को देखते हुए रसोई की स्वच्छता और वहां अपनाई जा रही खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल सामने आए.

महाराष्ट्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर बढ़ी कार्रवाई
महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर इन दिनों कार्रवाई तेज हुई है. हाल की जांचों में मुंबई और महाराष्ट्र के कई होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आई हैं. एक हालिया कार्रवाई में 31 प्रतिष्ठानों की जांच की गई थी. इस दौरान करीब 25 लाख रुपये के खाद्य उत्पाद जब्त किए गए और पांच लाइसेंस निलंबित किए गए.

ग्राहक की नजर से दूर होती है असली रसोई
ग्राहक आमतौर पर किसी रेस्टोरेंट की बाहरी सजावट, मेन्यू और खाने के स्वाद को देखकर जगह चुनते हैं. लेकिन खाने की असली सुरक्षा उस रसोई में तय होती है, जो अक्सर ग्राहक की नजर से दूर रहती है. होटल राधा की रसोई में मिली कमियां इसी सवाल को सामने लाती हैं कि आखिर जिन जगहों पर रोज ग्राहकों के लिए खाना तैयार होता है, वहां सफाई और खाद्य सुरक्षा की निगरानी कितनी गंभीरता से की जाती है.

FDA ने रोक दीं खाद्य गतिविधियां
होटल राधा के मामले में FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत कार्रवाई की है. इसके तहत होटल में निर्माण, भंडारण, बिक्री और वितरण से जुड़ी गतिविधियों को तत्काल रोकने का आदेश दिया गया है. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद होटल की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और रसोई में साफ-सफाई को लेकर सामने आई कमियां गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement