उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मिशन शक्ति का दम उस समय देखने को मिला, जब क्षेत्रीय महिलाओं ने मिशन शक्ति 6.0 कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले बदमाशों की सूचना दी. इस पर नई मंडी कोतवाली पुलिस की महिला टीम ने घेराबंदी की. दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर स्थित कुकड़ा ग्राउंड में जब बदमाशों को सरेंडर करने के लिए ललकारा गया, तो उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश उस्मान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. वहीं, उसके दो अन्य साथी ईख के खेत का फायदा उठाकर उसमें जा छिपे. इसके बाद पुलिस ने कांबिंग के दौरान दोनों बदमाशों बाबर और जाहिर लंगड़े को भी गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से पुलिस ने 590 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है. बदमाशों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
हरिद्वार से मादक पदार्थ लाकर मुजफ्फरनगर में करते थे सप्लाई
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे हरिद्वार से मादक पदार्थ लाकर मुजफ्फरनगर में जगह-जगह सप्लाई करने का काम करते थे. वहीं, मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाश उस्मान महिला पुलिसकर्मियों के कंधे पर लटका हुआ पहले हंसता नजर आया, जबकि बाद में दर्द से कराहता हुआ भी कैमरे में कैद हुआ. इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 6.0 कार्यक्रम के अंतर्गत नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए गए अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत नई मंडी थाने की मिशन शक्ति टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को पकड़ा गया है. इनके पास से भारी मात्रा में एनडीपीएस का माल बरामद हुआ है और इन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है. मिशन शक्ति टीम द्वारा मिशन शक्ति 6.0 कार्यक्रम के अंतर्गत नई मंडी के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा था. इसी दौरान क्षेत्र की एक महिला ने टीम को बताया कि एनएच-58 के आसपास बाहर से लोग आकर नशीले पदार्थ बेच रहे हैं.
इस सूचना को एकत्रित करने के बाद मिशन शक्ति टीम ने खुफिया जानकारी के माध्यम से पूरे नेटवर्क का पता लगाया. आरोपियों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी जुटाई गई और नेटवर्क के नजदीक पहुंचने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया. सूचना मिली थी कि एनएच-58 के कुकड़ा ग्राउंड में कुछ नशे और स्मैक के कारोबारी इसे लाकर खरीद-बिक्री कर रहे हैं.
इस सूचना पर मिशन शक्ति टीम और थाने की टीम ने संयुक्त रूप से बदमाशों की घेराबंदी शुरू की. पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दो बदमाश झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने लगे. मिशन शक्ति टीम ने कांबिंग के दौरान उन दोनों बदमाशों को भी पकड़ लिया.
आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और रुपये बरामद
पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम उस्मान पुत्र इकबाल, निवासी किरणपुर, मंगलौर, हरिद्वार, तथा बाबर पुत्र फैयाज और जाहिर लंगड़ा पुत्र नासिर, निवासी सुजड़ू, खालापार, बताए. इनके कब्जे से 590 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है. इनके पास से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और कुछ रुपये भी बरामद हुए हैं. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मंगलौर से एनडीपीएस का माल लाकर एनएच-58 के आसपास स्थानीय स्तर पर बेचते थे. मिशन शक्ति टीम ने इस नेटवर्क को पकड़ते हुए भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है. घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेज दिया गया है. गिरफ्तार किए गए अन्य दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें