Advertisement

Nagaur UCO Bank ATM Robbery Attempt: नागौर में महिला बैंक मैनेजर और पति की बहादुरी, शटर बंद कर ATM में ही कैद किए 2 लुटेरे, 16 लाख कैश सुरक्षित

राजस्थान के नागौर में मारवाड़ मूंडवा स्थित यूको बैंक के ATM को लूटने घुसे दो बदमाशों को महिला ब्रांच मैनेजर ने अपने पति की मदद से बाहर से शटर गिराकर अंदर ही बंद कर दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर 16 लाख रुपये का कैश बचा लिया.

UCO Bank robbery
gnttv.com
  • मारवाड़ ,
  • 29 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:28 PM IST

नागौर के मारवाड़ मूंडवा में एक महिला ब्रांच मैनेजर और उसके पति की हिम्मत के चलते ATM लूटने के लिए घुसे दो बदमाशों को पकड़ लिया गया. ई-सर्विलांस का अलर्ट बजते ही महिला ब्रांच मैनेजर अपने पति को लेकर आधी रात को ATM पहुंची और बाहर से ATM का शटर बंद कर दिया. महिला ब्रांच मैनेजर की हिम्मत के चलते ATM बूथ में रखा 16 लाख रुपये का कैश बच गया. साथ ही दोनों आरोपी लूट के सामान के साथ बूथ के अंदर ही मिल गए.

आधी रात ATM बूथ में घुसे दो युवक
नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा स्थित यूको बैंक के ATM को लूटने के इरादे से दो युवक आधी रात 2 बजकर 13 मिनट पर ATM बूथ पर पहुंचे और अंदर घुस गए. जैसे ही दोनों अंदर पहुंचे, बूथ में लगे ई-सर्विलांस से सायरन बजने लगा. सायरन बजते ही महिला ब्रांच मैनेजर सरिता चौधरी उठीं और अपने पति को लेकर नागौर रोड स्थित यूको बैंक के ATM बूथ पर पहुंच गईं. वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि अंदर दो युवक मौजूद थे. इसके बाद उन्होंने बाहर से ATM का शटर बंद कर दिया और पुलिस को मौके पर बुला लिया.

दोनों आरोपी मौके से गिरफ्तार
थाना प्रभारी पूरबाराम ने बताया कि मुंडू निवासी भरत प्रजापत और उसकी दुकान पर काम करने वाले बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत को मौके से गिरफ्तार किया गया है. भरत प्रजापत मुंडवा में चाय का ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसकी दुकान पर मजदूरी करता है. दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए दूसरे की मोटरसाइकिल लेकर आधी रात ATM बूथ पर पहुंचे थे.

ATM में था 16 लाख 900 रुपये कैश
ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने बताया कि सोमवार को हड़ताल प्रस्तावित थी. ऐसे में बैंक के ATM में कैश डाला गया था. ATM में 16 लाख 900 रुपये थे. उन्होंने बताया कि आधी रात 2 बजकर 4 मिनट पर बैंक के अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस के जरिए ATM में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी उन्हें दी.

पति के साथ ATM बूथ पहुंचीं ब्रांच मैनेजर
ब्रांच मैनेजर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में रहती हैं. सूचना मिलते ही वह अपने पति के साथ ATM बूथ पर पहुंचीं. वहां देखा तो शटर नीचे था और अंदर कुछ हलचल चल रही थी.

इसके बाद उन्होंने बाहर से शटर बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी. ब्रांच मैनेजर ने बताया कि आरोपियों ने ATM का अपर कवर तोड़ दिया था. इसके अलावा CCTV कैमरे पर ग्रीस लगाने के साथ कनेक्टिविटी वायर भी काट दिए थे. हालांकि, दोनों आरोपी ATM का कैश डोर नहीं काट पाए थे.
 

(रिपोर्ट- केशा राम)

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement