Advertisement

Ruchira Kamboj: कौन है रुचिरा कंबोज? भारत की नयी स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्यभार संभालने के लिए पहुंचीं न्यूयॉर्क

रुचिरा इससे पहले भूटान में भारत की पहली महिला राजदूत का कार्यभार संभाल रही थीं. इससे पहले वो दक्षिण भारत की उच्चायुक्त और यूनेस्को में भारत की राजदूत/ स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर काम कर चुकी हैं.

Ruchira kamboj
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 अगस्त 2022,
  • अपडेटेड 11:33 AM IST
  • कार्यभार संभालने के लिए पहुंचीं न्यूयॉर्क
  • 1987 बैच की अफसर रही हैं

वरिष्ठ राजनयिक रुचिरा कंबोज संयुक्त राष्ट्र में भारत के नए स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्यभार संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. रुचिरा ने 1 अगस्त को अपनी जिम्मेदारी संभाली. वे संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत टीएस तिरुमूर्ति का स्थान लेंगी. इसके साथ वह न्यूयॉर्क में विश्व निकाय के मुख्यालय में देश की पहली महिला दूत बन जाएंगी.

ट्विटर पर शेयर की खबर
संयुक्त राष्ट्र में अपने आने की खबर को ट्विटर पर शेयर करते हुए, काम्बोज ने कहा, " संयुक्त राष्ट्र में भारत की नामित स्थायी प्रतिनिधि के रूप में आगमन. सुरक्षा परिषद में मेरे सभी राजदूत मित्रों से मिलकर अच्छा लगा. अपने देश की सेवा करना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है. #भारत." कंबोज के पूर्ववर्ती राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने उनके ट्वीट का जवाब दिया, “बधाई और आपकी सफलता के लिए शुभकामनाएं रुचिरा!”

संयुक्त राष्ट्र की पूर्व सहायक महासचिव और संयुक्त राष्ट्र महिला में उप कार्यकारी निदेशक लक्ष्मी पुरी ने ट्वीट किया, “संरा में महिला नेतृत्व के मामले में भारत के लिए एक नया मील का पत्थर!”

उन्होंने आगे लिखा, “संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत की पहली महिला स्थायी प्रतिनिधि बनने के लिए रुचिरा कंबोज को बधाई. श्रीमती विजय लक्ष्मी पंडित की संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्षता के बाद भारत के लिए ऐतिहासिक पल.”

कौन है रुचिरा?
रुचिरा कंबोज भारतीय विदेश सेवा (IFS) की 1987 बैच की अफसर रही हैं. वह अपने बैच में टॉपर थीं. रुचिरा इससे पहले भूटान में भारत की पहली महिला राजदूत का कार्यभार संभाल रही थीं. इससे पहले वो दक्षिण भारत की उच्चायुक्त और यूनेस्को में भारत की राजदूत/ स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर काम कर चुकी हैं. रुचिरा ने अपने करियर की शुरुआत फ्रांस में थर्ड सेक्रेटरी के तौर पर की थी. उस दौरान उन्होंने फ्रेंच भाषा सीखी और जल्द ही फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास में सेकेंड सेक्रेटरी का पद संभाला. इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी रहते हुए पश्चिमी यूरोप डिविजन का कामकाज देखा. इसके बाद वो फर्स्ट सेक्रेटरी (इकॉनमी और कमर्शियल) बनकर मॉरीशस पहुंचीं. रुचिरा विदेश मंत्रालय के कई महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुकी हैं.

रुचिरा वर्ष 2002-2005 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में सलाहकार के रूप में काम कर चुकी हैं. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सुधार, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना, मध्य पूर्व संकट आदि सहित कई राजनीतिक विषयों पर काम किया था.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement