Advertisement

दिवाली से पहले नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी, बिग बास्केट-ब्लिंकिट समेत 16 स्टोरों को नोटिस

दिवाली के त्योहार से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों पर छापेमारी कर जांच की.

नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी
भूपेन्द्र चौधरी
  • नोएडा,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:32 AM IST

दिवाली के त्योहार पर घरों में मिठाइयों से लेकर खाने-पीने की कई चीजों की खरीदारी बढ़ जाती है. ऐसे में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की. इस दौरान साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए गए. वहीं, पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जोमैटो हाइपरमार्ट की जांच
जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयर हाउस का निरीक्षण किया. यहां साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर नोटिस जारी किए गए. दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच हुई. जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया. इसके अलावा सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की जांच की गई. सूरजपुर के ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने का नमूना लिया गया. ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना भी लिया गया. तीनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.

गंदगी मिलने पर जेप्टो का कोल्ड रूम बंद
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर विभाग ने सुधार होने तक इसका संचालन बंद करा दिया. जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर स्टोर को नोटिस भी दिया गया. टीमों ने जियोमार्ट, केवी एंटरप्राइजेज, स्विगी, अमेजन और अन्य जेप्टो स्टोरों की भी जांच की. कई जगह कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को समय पर हटाने से जुड़े नियमों के दस्तावेज नहीं मिले.

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने और जरूरी दस्तावेज स्टोर पर रखने के निर्देश दिए हैं. सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दिवाली को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद उनकी गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी. उन्होंने कहा कि लोगों को मानकों के अनुसार शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी जांच जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement