Advertisement

टीवी शो में राखी सावंत ने लक्ष्मण को कहा था नपुंसक, 16 साल बाद कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ले में रहने वाला लक्ष्मण अहिरवार सब्जी का ठेला लगाता था. उसकी शादी 19 फरवरी 2010 को राजगढ़ निवासी अनीता से हुई थी. शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद होने लगा. इसके बाद अनीता अपने मायके चली गई.

Non-Bailable Warrant Issued Against Rakhi Sawant
प्रमोद कुमार गौतम
  • झांसी,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:32 PM IST
  • 16 साल बाद राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
  • ‘राखी का इंसाफ’ शो से जुड़ा मामला

झांसी में 16 साल पुराने लक्ष्मण अहिरवार की मौत के मामले में फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ है. लक्ष्मण के मामा बलवीर ने कोर्ट के इस फैसले पर भरोसा जताया है. उनका कहना है कि इतने साल बीतने के बाद अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है. परिवार चाहता है कि मामले में दोषियों को सजा मिले.

सब्जी का ठेला लगाता था लक्ष्मण
झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ले में रहने वाला लक्ष्मण अहिरवार सब्जी का ठेला लगाता था. उसकी शादी 19 फरवरी 2010 को राजगढ़ निवासी अनीता से हुई थी. शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद होने लगा. इसके बाद अनीता अपने मायके चली गई. अनीता का आरोप था कि पति के एक रिश्तेदार की नीयत ठीक नहीं थी. उसने इस बारे में लक्ष्मण को बताया, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया. अनीता ने यह भी आरोप लगाया कि लक्ष्मण शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था.

राखी का इंसाफ शो में हुआ था अपमान
पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद दोनों को साल 2010 में एनडीटीवी इमेजिन के शो 'राखी का इंसाफ' में बुलाया गया. लक्ष्मण अपनी मां सावित्री, मामी पूजा और मामा बलवीर के साथ मुंबई पहुंचा था. शो की शूटिंग सितंबर 2010 में हुई थी. परिवार के मुताबिक, शो के दौरान राखी सावंत ने लक्ष्मण को नपुंसक कहकर अपमानित किया था. इस एपिसोड का प्रसारण 23 अक्टूबर 2010 को हुआ. इसके बाद लक्ष्मण की हालत बिगड़ने लगी. परिवार का कहना है कि वह तनाव में रहने लगा था. खाना नहीं खाता था और रात में भी ठीक से सो नहीं पाता था.

मां से कहता था- राखी ने मेरी जिंदगी खत्म कर दी
परिवार के मुताबिक, लक्ष्मण अपनी मां से कहता था कि राखी सावंत ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी है. वह जीना नहीं चाहता और उसे मर जाने दिया जाए. उसकी हालत बिगड़ने पर 9 नवंबर 2010 को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. अगले दिन, 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई. लक्ष्मण की मां सावित्री की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, साजिश में शामिल होने और गाली-गलौज करने के आरोप में मामला दर्ज किया था. बाद में लक्ष्मण की मां की भी मौत हो गई.

मामा बोले- कोर्ट पर भरोसा, अब मिलेगा न्याय
इस मामले में लंबे समय बाद झांसी कोर्ट ने राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. इसके बाद लक्ष्मण के मामा बलवीर ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है. वारंट जारी होने से परिवार की न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है. उनका कहना है कि वे चाहते हैं कि मामले में दोषी को सजा मिले.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement