Advertisement

Uttar Pradesh में Blood Test की Report के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा अस्पताल, मोबाइल पर मिलेगी जानकारी... पढ़िए पूरी खबर

उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों को अब खून जांच की रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी. रिपोर्ट के लिए अब लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. शुरू में 75 अस्पतालों में ये सुविधा शुरू हुई है आगे और भी अस्पतालों को जोड़ा जाएगा.

Representative Images (Photo-Unsplash)
gnttv.com
  • लखनऊ,
  • 08 मई 2024,
  • अपडेटेड 2:03 PM IST

उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अब खून की जांच की रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी. इससे जांच रिपोर्ट लेने के लिए लगने वाली लंबी-लंबी लाइनों से छुटकारा मिल सकेगा. फिलहाल इसकी शुरुआत 75 सरकारी अस्पतालों से की गई है. आगे और भी अस्पतालों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा. चलिए जानते हैं कि मरीज कैसे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

18 और अस्पतालों को जोड़ा जाएगा

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के 75 सरकारी अस्पतालों में इस सुविधा को शुरू कर दिया है. अब इन अस्पतालों में खून की जांच की रिपोर्ट सीधे मरीज के मोबाइल फोन पर SMS के माध्यम से मिलनी शुरू हो गई है. आगे 18 और अस्पतालों को जोड़ा जाएगा. हालांकि अभी टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है जल्दी यह सुविधा अस्पतालों से जोड़ दी जाएगी.

लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और दुरुस्त करने के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा  के मुताबिक, मरीजों को सुविधा देने के लिए इसकी शुरुआत की गई है. अब मरीज को घर बैठे उनकी जांच रिपोर्ट मिल सकेगी. तीमारदार को लंबी-लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और उनको परेशान नहीं होना पड़ेगा.

पंजीकरण के समय देना होगा नंबर

इसके लिए मरीजों को अस्पताल में पंजीकरण के समय अपना मोबाइल नंबर देना होगा. जो नंबर रिकॉर्ड में दर्ज करेंगे उसी पर उन्हें पहले जांच रिपोर्ट तैयार होने का मैसेज भेजा जाएगा और फिर रिपोर्ट का लिंक भेजा जाएगा. मरीज लिंक पर क्लिक कर रिपोर्ट को डाउनलोड कर सकेंगे. बता दें कि प्रदेश में 32 पुरुष अस्पताल, 39 महिला अस्पताल और 37 संयुक्त जिला अस्पताल हैं. यानी कि कुल अस्पतालों की संख्या 108 है. 75 अस्पताल में ये सुविधा शुरू हो गई है और अब आगे बाकी के अस्पतालों में भी शुरू की जाएगी.

(आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement