Advertisement

NRI महिला का तीसरा पति भी धोखेबाज निकला! शादी के 15 दिन बाद ही फोन से दूसरी महिलाओं के साथ प्यार वाली चैट्स मिलीं

महिला ने पुलिस को बताया कि शादी को मुश्किल से पंद्रह दिन ही हुए थे कि महिला को अपने पति पर शक होने लगा क्योंकि वह लगातार मोबाइल फोन में व्यस्त रहता था.

NRI Woman Harassment
ब्रिजेश दोशी
  • अहमदाबाद,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:36 AM IST

मूल रूप से अहमदाबाद की रहने वाली और वर्षों से अमेरिका में बसी 46 वर्षीय NRI महिला के साथ शादी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है. अहमदाबाद के आनंदनगर इलाके की रहने वाली इस महिला ने पहले दो बार तलाक लेने और अमेरिका की नागरिकता हासिल करने के बाद, एक मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से एक युवक से तीसरी शादी की थी.

शादी के कुछ दिन बाद ही पति की खुली पोल
हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों में पति का असली चेहरा सामने आने पर महिला के सब्र का बांध टूट गया. अब यह पूरा मामला पुलिस थाने पहुंच गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. महिला ने पुलिस को बताया कि शादी को मुश्किल से पंद्रह दिन ही हुए थे कि महिला को अपने पति पर शक होने लगा क्योंकि वह लगातार मोबाइल फोन में व्यस्त रहता था. जब महिला ने जांच की तो पति के मोबाइल से गोवा, यूएसए और अहमदाबाद सहित लगभग पंद्रह अलग-अलग युवतियों और महिलाओं के साथ प्रेम संबंधों से जुड़े आपत्तिजनक चैट्स, नाम और नंबर मिले.

अफेयर के बारे में पूछा तो भड़क गया पति
इस बारे में पूछताछ करने पर पति भड़क गया और उसने महिला के साथ गाली-गलौज व मारपीट की. जांच के दौरान पीड़िता को पता चला कि उसका पति शराब और जुए का भी आदी है. शादी के बाद पति उसे गोवा और बाली घुमाने ले गया था, जहां गोवा के एक होटल में जुए में पैसे हारने के बाद उसने महिला के साथ बेहद बुरा बर्ताव किया. इस यात्रा के दौरान पति की एक प्रेमिका ने भी खुद को उसकी पत्नी बताते हुए दावा किया था. इस बात का विरोध करने पर पति ने उसका हाथ खींचा, जिससे उसकी कलाई पर गंभीर चोटें आईं.

गहने भी अपने पास रख लिए
पति का लालच यहीं नहीं रुका. उसने पीड़िता के पिता द्वारा दुकान बेचकर प्राप्त की गई रकम भी दहेज के रूप में मांग ली. इसके अलावा, महिला अपने मायके से जो सोने-चांदी के गहने (स्त्रीधन) लेकर आई थी, उन्हें बैंक लॉकर में रखने के बहाने पति ने अपने पास रख लिया और वापस करने से साफ इनकार कर दिया. लगातार मिल रही इस प्रताड़ना के कारण एनआरआई महिला को अहमदाबाद में पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाना पड़ा.

पति की भी पहले शादी हो चुकी है
पुलिस ने पीड़िता के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही, पुलिसने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पति की पहले भी शादी हो चुकी थी और उसकी एक बेटा व एक बेटी भी हैं. जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पति के साथ-साथ उसका बेटा और बेटी भी पीड़िता को धमकियां देते थे, उसका आर्थिक शोषण करते थे और उसे असहनीय शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देते थे. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement