Advertisement

Former President Kovind की अध्यक्षता में एक देश, एक चुनाव पर खत्म हुई हाई लेवल समिति की बैठक, जानें मीटिंग में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

One Nation One Election High Level Committee Meeting: एक देश, एक चुनाव कमेटी की पहली बैठक शनिवार को हुई. सूत्रों के मुताबिक, इस उच्च स्तरीय समिति की बैठक में आगे की मीटिंग के लिए एजेंडा तय किया गया.

वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर हुई बैठक (फोटो पीटीआई)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 5:30 PM IST
  • एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर हुई बैठक 
  • आगे की मीटिंग के लिए एजेंडा किया गया तय 

एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए गठित उच्च स्तरीय कमेटी की पहली मीटिंग 23 सितंबर 2023 को हुई. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में समिति की बैठक जोधपुर ऑफिसर्स हॉस्टल बियर इंडिया गेट पर तकरीबन डेढ़ घंटे तक चली. इस बैठक में गठित पैनल के सभी सदस्य मौजूद रहे, लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी नहीं पहुंचे. चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को पत्र लिखकर कमेटी में शामिल होने से मना कर दिया था.

एजेंडा किया गया तय 
सूत्रों के मुताबिक, इस उच्च स्तरीय समिति की बैठक में आगे की मीटिंग के लिए एजेंडा तय किया गया. इसके साथ ही एक देश एक चुनाव समिति ने सबसे पहले इस बात पर जांच की कि एक साथ चुनाव के रास्ते में क्या अड़चने हैं और उन्हें कैसे सिलसिलेवार तरीके से समाप्त किया जाए. 

आगे बढ़ने के लिए बनाई रणनीति 
इस मीटिंग में पैनल के सदस्यों ने वन नेशन, वन इलेक्शन के मुद्दे पर गहनता से चर्चा की और इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए रणनीति बनाई. बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि हितधारकों, संवैधानिक विशेषज्ञों और अन्य लोगों के साथ किस तरह से बातचीत को आगे बढ़ाया जा सकता है. पैनल के सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी बात रखी.

कमेटी जरूरी उपायों की सिफरिश सरकार से करेगी
सूत्रों के मुताबिक, हाई लेवल कमेटी एक साथ चुनाव कराने के लिए तमाम राजनीतिक दलों, विभिन्न राज्यों, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े हुए चुनाव आयोग से सुझाव लेकर जरूरी उपायों की सिफरिश सरकार से करेगी. सूत्र ने कहा कि समिति के सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई भी राजनीतिक दल समिति से मिलने का समय लेना चाहता है तो उसे अपने सुझाव देने की अनुमति होगी.

सूत्र ने यह भी कहा कि बैठक के दौरान सदस्यों ने मुख्य रूप से इस बात पर भी चर्चा की कि समिति कैसे काम करेगी और एक राष्ट्र, एक चुनाव के विचार पर आम सहमति बनाने के लिए किन मुद्दों पर सभी के साथ विचार-विमर्श करने की आवश्यकता है. हालांकि, अभी इस मीटिंग पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित ये रहे मौजूद
एक राष्ट्र, एक चुनाव समिति के अध्यक्ष रामनाथ कोविद की अध्यक्षता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व नेता विपक्ष राज्यसभा गुलाम नबी आज़ाद, 15वें वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष कश्यप, वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे, पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी ने बैठक में हिस्सा लिया.

वन नेशन वन इलेक्शन से देश को होगा बड़ा फायदा: बीजेपी 
बता दें कि वन नेशन वन इलेक्शन का विचार पिछले सालों में चर्चा का विषय रहा है. पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई नेताओं ने इसके पक्ष में अपने विचार प्रकट किए हैं. भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि वन नेशन वन इलेक्शन से देश को बड़ा फायदा पहुंचेगा. इससे पैसे और समय का काफी लाभ होगा.

विपक्ष ने बीजेपी का एजेंडा करार दिया
विपक्षी गठबंधन की ओर से एक राष्ट्र एक चुनाव को बीजेपी का एजेंडा करार दिया गया है. विपक्षी दलों की तरफ से अलग-अलग बातें कही जा रही हैं. उनकी तरफ से कहा गया कि वन नेशन, वन इलेक्शन व्यवस्था के लागू होने से छोटे दलों को काफी घाटा होगा और लोकतांत्रिक देश में यह प्रक्रिया आसान नहीं है. बता दें कि इस साल के आखिर में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज जाएगा.

गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement