Advertisement

Shobha Deepak Singh: शोभा दीपक सिंह को 'सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2023' से  किया गया सम्मानित, जानें क्या बोलीं पद्मश्री 

पद्मश्री शोभा दीपक सिंह ने सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड को ग्रहण करते हुए कहा, मैं इस सम्मान को न केवल अपने लिए बल्कि हमारे राष्ट्र की सामूहिक भावना के लिए स्वीकार करती हूं. हमारी कला, हमारी आत्मा है और मैं इसे संरक्षित करने में भूमिका निभाने के लिए आभारी हूं.

सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड ग्रहण करतीं पद्मश्री शोभा दीपक सिंह
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 नवंबर 2023,
  • अपडेटेड 4:22 PM IST
  • श्रीराम भारतीय कला केंद्र की ओर से प्रदान किया गया पुरस्कार
  • 2010 में की गई थी सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड की स्थापना 

पद्मश्री शोभा दीपक सिंह को 'सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2023' से सम्मानित किया गया है. दिल्ली के मंडी हाउस स्थित कमानी सभागार में एक विशेष समारोह में श्रीराम भारतीय कला केंद्र की ओर से उन्हें यह सम्मान दिया गया. उनको यह अवॉर्ड प्रसिद्ध सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खां ने प्रदान किया. पद्मश्री शोभा दीपक सिंह, राम भारतीय कला केंद्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और भारतीय संस्कृति को संरक्षित करने तथा विश्व भर में उसका प्रचार प्रसार करने के लिए पहचानी जाती हैं. 

दुनिया भर में हमारी सांस्कृतिक पहचान को दिया बढ़ावा 
उस्ताद अमजद अली खां ने पद्मश्री शोभा दीपक सिंह को सम्मानित करते हुए कहा, आज रात, हम भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के एक महान व्यक्तित्व का सम्मान कर रहे हैं, जिसके समर्पण ने हमारी संगीत विरासत को संरक्षण और बढ़ावा दिया है. शोभाजी का प्रभाव संगीत से परे तक फैला हुआ है, क्योंकि उन्होंने दुनिया भर में हमारी सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा दिया है. ऐसे सच्चे कलाकार को सम्मानित करना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है.

हमारी कला, हमारी आत्मा है
पद्मश्री शोभा दीपक सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, मैं इस सम्मान को न केवल अपने लिए बल्कि हमारे राष्ट्र की सामूहिक भावना के लिए स्वीकार करती हूं. हमारी कला, हमारी आत्मा है और मैं इसे संरक्षित करने में भूमिका निभाने के लिए आभारी हूं. युवा पीढ़ी के लिए ज़रूरी है कि वे हमारी विरासत को अपनाएं, इसकी धुनों, रंगों और गतिविधियों को अपने जुनून द्वारा प्रज्ज्वलित करें. यह पुरस्कार अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है, जो हमारे देश की कलात्मक विरासत की सेवा जारी रखने की मेरी जिम्मेदारी को याद दिलाता रहेगा.

मनमोहक सरोद वादन प्रस्तुत किया
कार्यक्रम में पहले गौरी एस. किलिंग ने दर्शकों का स्वागत किया. पवन के वर्मा ने सभी को संबोधित किया. इसके बाद समारोह में उस्ताद अमजद अली खान, उनके दोनों पुत्र अमान अली बंगश और अयान अली बंगश ने मनमोहक सरोद वादन प्रस्तुत किया. इससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. पूरा वातावरण संगीतमय और रसमय हो गया. इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर राजनायिक, लेखक और पूर्व राज्यसभा सांसद पवन. के वर्मा मौजूद रहे.

इनको पहले मिल चुका है ये अवॉर्ड
भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के क्षेत्र में स्थायी योगदान देने वाले प्रख्यात कलाकारों को सम्मानित करने के लिए 2010 में 'सुमित्रा चरत राम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' की स्थापना की गई थी. इस अवॉर्ड के प्राप्तकर्ताओं की श्रेणी में पं. बिरजू महाराज, किशोरी अमोनकर, मायाधर राऊत, कुमुदिनी लाखिया, पं. जसराज, पं. हरिप्रसाद चौरसिया, गिरिजा देवी, उस्ताद अमजद अली खान, डॉ. सोनल मानसिंह और डॉ. उमा शर्मा शामिल हैं.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement