Advertisement

Patna News: फर्जी अधिकारी बन जीजा-साले की जोड़ी सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर करती थी धोखाधड़ी, पुलिस ने दबोचा 

Government Job Fraud Gang: सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले जीजा-साले के गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बहनोई और साले खुद को अधिकारी बताकर युवाओं को अपनी जाल में फंसाते थे. 

Representative image
सुजीत कुमार
  • पटना,
  • 10 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:33 PM IST

बिहार की राजधानी पटना में सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. सचिवालय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को नौकरी का झांसा देने वाले जीजा-साले को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, लैपटॉप, पुलिस और सचिवालय की वर्दी समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं.

शक होने पर कड़ी पूछताछ
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया 9 सितंबर 2026 को पटना के समाज कल्याण विभाग के परिसर में एक व्यक्ति बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की नियुक्ति से संबंधित फर्जी बैनर और वीडियो कॉल के जरिए प्रदर्शन करते हुए पकड़ा गया. शक होने पर विभाग के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी राजनाथ सिंह ने उसे पकड़कर पूछताछ की. आरोपी ने अपनी पहचान अजय कुमार शुक्ला कटिहार के रूप में हुई.

और मामला दर्ज कर जांच की शुरू 
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग, न्यू सचिवालय पटना का प्रशाखा पदाधिकारी बताते हुए एक फर्जी आई-कार्ड भी दिखाया, लेकिन जांच में पता चला कि इस नाम का कोई भी अधिकारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत नहीं है. इसके बाद सचिवालय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

आरोपियों के पास से ये चीजें हुईं बरामद
पूछताछ के दौरान इस गिरोह के एक अन्य सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया जो आरोपी अजय कुमार शुक्ला का साला राजा कुमार (22 वर्ष) है. पुलिस के अनुसार आरोपी सीधे-साधे युवाओं को सचिवालय और पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे. पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और इनके नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, सचिवालय और पुलिस की 2 जोड़ी वर्दी, 2 फर्जी आई-कार्ड, नौकरी का जाली बैनर और 2 फर्जी प्रशस्ति पत्र बरामद किए हैं.


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement