पूरे देश में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है. भारत आज 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया. समारोह में पहली बार वंदे मातरम् का गायन हुआ.लाल किले पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद वे लाल किले पहुंचे और तिरंगा को फहराया. पीएम मोदी लाल किले की प्राचीर से 13वीं बार देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं. यहां आप जान सकते हैं स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने कब और कितना लंबा भाषण दिया है.
अपने हितों की रक्षा हमें खुद करनी होगी
पीएम मोदी ने 80वां स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित हुए कहा कि दूसरे देशों पर निर्भर होकर नहीं जीना है. अपने हितों की रक्षा हमें खुद करनी होगी. हम आत्मनिर्भर भारत की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं. आत्मनिर्भर भारत हमे विकसित भारत की ओर ले जाएगा. हमें अपनी क्षमताओं को बढ़ाना होगा. पीएम मोदी ने लाल किले से कहा कि पिछले 12 साल में देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी. हमने सभी क्षेत्रों में काम किया. हर साल 6 गुनी रफ्तार से गैस कनेक्शन दिए. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मेट्रो का विस्तार किया. 12 साल में डिफेंस उत्पादन 4 गुना बढ़ा.
किस स्वतंत्रता दिवस पर कितने देर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में पहली बार देश को लाल किले से संबोधित किया था. उन्होंने उस समय कुल 65 मिनट तक भाषण दिया था. इसके बाद पीएम मोदी ने साल 2015 में उन्होंने 86 मिनट तक देश को संबोधित किया था. इसके बाद साल 2016 में आजादी की 70वीं वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने देश को लाल किले से 94 मिनट तक संबोधित किया था. यह उनके प्रधानमंत्री के रूप में रहने के दौरान लाल किले से दिया गया सबसे लंबा भाषण है. पीएम मोदी ने साल 2017 के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 57 मिनट, साल 2018 में 82 मिनट और साल 2019 में 92 मिनट तक देश को संबोधित किया था. साल 2020 में 86 मिनट, साल 2021 में 88 मिनट, साल 2022 में 83 मिनट और साल 2023 में 90 मिनट तक पीएम मोदी ने लाल किले से भाषण दिया था.
अब तक सिर्फ एक बार एक घंटे से कम बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक कुल 11 बार लाल किले से देश को संबोधित कर चुके हैं. केवल एक बार उन्होंने देश को एक घंटे से कम समय के लिए संबोधित किया. 2017 के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री का भाषण केवल 57 मिनट का रहा था. ये उनका अब तक का सबसे छोटा भाषण है. 2015 में पीएम मोदी ने 86 मिनट का भाषण देकर पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा था. पंडित नेहरू ने 1947 में लाल किले से 72 मिनट लंबा भाषण दिया था. आपको मालूम हो कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री थे. लाल किले की प्राचीर से सबसे ज्यादा बार तिरंगा झंडा लहराने का अवसर उन्हें ही मिला था. नेहरू 1947 से लेकर 1964 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे. इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर रिकॉर्ड 17 बार झंडा फहराया. इस मामले में दूसरे नंबर पर भारत की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री और जवाहरलाल नेहरू की बेटी इंदिरा गांधी हैं. उन्होंने लाल किले पर 16 बार राष्ट्रध्वज फहराया है.