Advertisement

PM Modi Shirdi Visit: पीएम मोदी करेंगे शिरडी का दौरा, 7500 करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के शिरडी का दौरा करेंगे. जहां वह श्री साईंबाबा समाधि मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे. वह मंदिर में नए दर्शन कतार परिसर का भी उद्घाटन करेंगे.

PM Modi Shirdi Visit
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 26 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 8:16 AM IST
  • खास है शिरडी का नया दर्शन कतार परिसर 
  • नेशनल गेम्स का उद्घाटन करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 अक्टूबर, 2023 को महाराष्ट्र और गोवा का दौरा करेंगे. दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री अहमदनगर जिले के शिरडी पहुंचेंगे, जहां वह श्री साईंबाबा समाधि मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे. इसके साथ ही, मंदिर में नए दर्शन कतार परिसर का भी उद्घाटन करेंगे. 

दोपहर करीब 2 बजे प्रधानमंत्री निलवंडे बांध का जल पूजन करेंगे और बांध का नहर नेटवर्क राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके बाद, लगभग 3:15 बजे, प्रधान मंत्री शिरडी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वह स्वास्थ्य, रेल, सड़क और तेल जैसे क्षेत्रों में लगभग 7500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ की आधारशिला रखेंगे. शाम करीब 06:30 बजे प्रधानमंत्री गोवा पहुंचेंगे, जहां वह 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे.

खास है शिरडी का नया दर्शन कतार परिसर 
शिरडी में नया दर्शन कतार परिसर एक अत्याधुनिक आधुनिक मेगा इमारत है जिसे बनाने का उद्देश्य भक्तों के लिए आरामदायक प्रतीक्षा क्षेत्र प्रदान करना है. यहां दस हजार से ज्यादा भक्त साथ में बैठ सकते हैं. इसमें क्लॉक रूम, शौचालय, बुकिंग काउंटर, प्रसाद काउंटर, सूचना केंद्र आदि जैसी वातानुकूलित सार्वजनिक सुविधाओं का प्रावधान है. इस नए दर्शन क्यू कॉम्प्लेक्स की आधारशिला अक्टूबर, 2018 में प्रधान मंत्री ने रखी थी.

प्रधानमंत्री निलवंडे बांध के बाएं किनारे (85 किमी) नहर नेटवर्क को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इससे पानी के पाइप वितरण नेटवर्क की सुविधा से 7 तहसीलों (अहमदनगर जिले में 6 और नासिक जिले से 1) के 182 गांवों को फायदा होगा. निलवंडे बांध का विचार सबसे पहले 1970 में आया था. इसे करीब 5177 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है. 

सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 'नमो शेतकरी महासंमान निधि योजना' का शुभारंभ करेंगे. यह योजना महाराष्ट्र में प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 86 लाख से अधिक लाभार्थियों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि देकर लाभान्वित करेगी. 

और भी कई परियोजनाओं का उद्घाट्न
प्रधान मंत्री अहमदनगर सिविल अस्पताल में आयुष अस्पताल सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके अलावा और कई परियोजनाएं हैं जैसे कुर्दुवाड़ी-लातूर रोड रेलवे खंड (186 किमी) का विद्युतीकरण; जलगांव को भुसावल से जोड़ने वाली तीसरी और चौथी रेलवे लाइन (24.46 किमी); एनएच-166 (पैकेज-I) के सांगली से बोरगांव खंड को चार लेन का बनाना; इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के मनमाड टर्मिनल पर अतिरिक्त सुविधाएं आदि. 

प्रधानमंत्री अहमदनगर सिविल अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग की आधारशिला भी रखेंगे. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और स्वामित्व कार्ड भी वितरित करेंगे.

नेशनल गेम्स का उद्घाटन 
खेलों की लोकप्रियता को और बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट आयोजित करने के महत्व को पहचानते हुए, देश में राष्ट्रीय खेल आयोजित किए जा रहे हैं. प्रधान मंत्री 26 अक्टूबर 2023 को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, मडगांव, गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे. वह खेलों में भाग लेने वाले एथलीटों को भी संबोधित करेंगे. राष्ट्रीय खेल पहली बार गोवा में आयोजित हो रहे हैं. ये खेल 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक होंगे. देश भर से 10,000 से अधिक एथलीट 28 स्थानों पर 43 से ज्यादा खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement