Advertisement

नशे में कार चला रहे पुलिसकर्मी ने स्कूटी में मारी टक्कर, फिर भिड़ी पोल के साथ... मौके पर पहुंची साथियों की टीम ने संभाला

बागपत में ऐसा मामला सामने आया जहां कानून की रक्षा करने वाले खुद कानून को तोड़ते दिखे. वह नशे की हालत में मिले, साथ ही एक्सीडेंट करने के बाद कार को पोल में दे मारा.

पोल से टकराई कार और नशे में पुलिसकर्मी
मनुदेव उपाध्याय
  • बागपत,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:24 PM IST

बागपत में कानून के रखवालों की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी खाकी को शर्मसार कर दिया है. शराब के नशे में धुत दो पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी कार से जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए. हादसे के बाद भी पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ाया, लेकिन कुछ ही दूरी पर कार अनियंत्रित होकर एक पोल से जा टकराई. 

नशे में चूर, मिले अर्धनग्न अवस्था में

कार के पोल से टकराने के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया और डायल-112 को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे दोनों पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला. 

वीडियो में दोनों नशे में बुरी तरह लड़खड़ाते नजर आ रहे हैं. हालत ऐसी थी कि उन्हें ठीक से खड़ा होना भी मुश्किल दिखाई दे रहा था. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों की हालत देखकर राहगीर भी हैरान नजर आए. दोनों पुलिसकर्मी अर्धनग्न अवस्था में कार चला रहे थे. उनकी पुलिस वर्दी कार की पिछली सीट पर पड़ी मिली. हादसे के बाद राहगीरों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

जिनके हाथ में सुरक्षा, वही तोड़ रहे कानून

वीडियो में पुलिसकर्मियों की हालत और उनके व्यवहार को लेकर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं. जिस पुलिस पर सड़क पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के कर्मचारियों पर शराब के नशे में वाहन चलाने और सड़क हादसे का कारण बनने के आरोप लगना गंभीर सवाल खड़े करता है.

बागपत पुलिस ने की मामले की पुष्टि

वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा. बागपत पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिसकर्मियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि की है. पुलिस की ओर से बताया गया कि मामले में विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा गया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement