उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से शादी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. लखनऊ में तैनात एक दरोगा की 20 अप्रैल को शादी तय थी, लेकिन बारात निकलने से ठीक पहले दुल्हन का कथित प्रेमी कार लेकर दूल्हे के घर जा धमका. प्रेमी ने दूल्हे को खुलेआम धमकी दी कि अगर बारात लेकर गए तो सही सलामत वापस नहीं आओगे. इस घटना से घबराए दरोगा दूल्हे ने बारात ले जाने से साफ इनकार कर दिया.
यूपी के बस्ती जिले से शादी के दिन का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दारोगा पद पर तैनात दूल्हे की बारात निकलने से ठीक पहले पूरा माहौल बदल गया. शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन दुल्हन के कथित प्रेमी की धमकी के बाद दूल्हे ने बारात ले जाने से इनकार कर दिया.
दूल्हे के घर पहुंचा दुल्हन का प्रेमी
जानकारी के मुताबिक, मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव का है. यहां जान मेजर वर्मा की शादी बस्ती के मड़वानगर गांव की मनीषा चौधरी से 20 अप्रैल को तय थी. सोमवार को दूल्हा शेरवानी पहनकर पूरी तरह तैयार था और बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं. रिश्तेदार भी घर पहुंच चुके थे और बारात को बस्ती शहर के होटल ग्रीन वैली जाना था. इसी बीच दोपहर में एक युवक कार से दूल्हे के घर पहुंचा. उसने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताया और साफ शब्दों में धमकी दी कि अगर बारात लेकर गए तो सही सलामत वापस नहीं आ पाएंगे.
धमकी के बाद मचा हड़कंप
अचानक हुए इस घटनाक्रम से दूल्हे और उसके परिवार वाले हैरान रह गए. जब घरवालों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, तो वह अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद दूल्हा डर गया और उसने बारात लेकर जाने से साफ इनकार कर दिया. काफी समझाने और मान-मनौव्वल के बाद भी वह अपने फैसले पर कायम रहा.
दुल्हन की शादी प्रेमी से कराई गई
उधर दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रहा. जब उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली, तो परिवार वालों ने स्थिति को देखते हुए मजबूरी में दुल्हन की शादी उसके प्रेमी से करा दी. इस घटना ने दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया.
लखनऊ में तैनात है दूल्हा
बताया जा रहा है कि दूल्हा फिलहाल लखनऊ में दारोगा के पद पर तैनात है. शादी की तैयारियां लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन ऐन मौके पर सब कुछ बदल गया.
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर दुबौलिया थानाध्यक्ष का कहना है कि अगर परिजन तहरीर देते हैं, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दारोगा दूल्हे की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.
(रिपोर्ट- संतोष कुमार सिंह)
ये भी पढ़ें