ईरान, इराक, और अमेरिका के चल रह युद्ध से कई परेशानियां खड़ी हो गई हैं. इस युद्ध का असर आम जन जीवन पर भी पड़ने लगा है, इस युद्ध के कारण कई भारतीय भी वहां फसे हुए हैं और उन्हें खाने-पीने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. ऐसा ही एक मामला प्रयागराज से सामने आया है, जहां का एक युवक ईरान में फंस गया है और उसने अपनी पत्नी के जरिए मदद की गुहार लगाई है.
मर्चेंट नेवी में काम करता है युवक
प्रयागराज के पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के झापिया इलाके का रहने वाला सनी कुमार मर्चेंट नेवी में कार्यरत है. परिवार के मुताबिक, वह कुछ समय पहले दुबई से एक जहाज के जरिए सामान लेकर ईरान गया था. लेकिन इसी दौरान वहां युद्ध शुरू हो गया और वह वहीं फंस गया. अब हालात इतने खराब हो गए हैं कि उसे खाने-पीने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
फोन कर पत्नी को बताई आपबीती
दो दिन पहले सनी कुमार ने अपनी पत्नी विनीता को फोन किया और वहां के हालात बताए. उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण हालात बिगड़ चुके हैं और अब खाने-पीने का सामान भी खत्म होने लगा है. फोन पर उन्होंने पत्नी से कहा, 'यहां बहुत परेशानी है, मुझे किसी तरह वापस बुला लो.'
सनी कुमार के फंसने की खबर मिलते ही परिवार में चिंता का माहौल है. पत्नी विनीता लगातार रो रही हैं और अपने पति की सलामती के लिए दुआ कर रही हैं. विनीता ढाई साल के बच्चे के साथ अपने नाना के घर रह रही हैं. वह कभी अपने पति की शादी की तस्वीरें देखती हैं तो कभी भगवान से उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना करती हैं.
सरकार से लगाई मदद की गुहार
विनीता ने भारत सरकार को पत्र लिखकर अपने पति को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनके पति की जान खतरे में है और उन्हें जल्द से जल्द भारत लाया जाए. परिवार को उम्मीद है कि सरकार इस मामले में हस्तक्षेप कर सनी कुमार को सुरक्षित वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी.
10 महीने पहले आए थे घर
परिवार के अनुसार, सनी कुमार करीब 10 महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे. छुट्टियां खत्म होने के बाद वह दोबारा काम पर लौट गए और दुबई से जहाज के जरिए ईरान पहुंच गए. लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद वह वहीं फंस गए और अब हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: