Advertisement

Independence Day 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों को दी मंजूरी, 13 जवानों को मरणोपरांत सम्मान

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के वीर जवानों के सम्मान में 78 वीरता पुरस्कारों और 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को मंजूरी दी है. इन सम्मानों की सूची में सेना, नौसेना, वायु सेना और गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं.

Gallantry Awards 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:41 PM IST

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के बहादुर जवानों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है. इन पुरस्कारों के जरिए सेना, नौसेना, वायुसेना और गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले सुरक्षा बलों के उन जवानों को सम्मान दिया जाएगा, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान साहस दिखाया. इनमें 13 पुरस्कार मरणोपरांत दिए जा रहे हैं.

78 वीरता पुरस्कारों को मिली मंजूरी

राष्ट्रपति ने कुल 78 गैलेंट्री अवॉर्ड को मंजूरी दी है. इनमें 9 कीर्ति चक्र, 1 शौर्य चक्र बार, 19 शौर्य चक्र, 5 बार टू सेना मेडल, 36 सेना मेडल, 3 नौसेना पदक और 5 वायुसेना पदक शामिल हैं. ये पुरस्कार देश की रक्षा और आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में बहादुरी दिखाने वाले जवानों को दिए जाते हैं.

हवलदार गजेंद्र सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र

हवलदार गजेंद्र सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र दिया जाएगा. कीर्ति चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला देश का दूसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है. उनके अलावा लेफ्टिनेंट कर्नल मानेओ फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी और गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले कई सुरक्षा कर्मियों को भी कीर्ति चक्र के लिए चुना गया है.

मेजर आदित्य प्रताप सिंह को दूसरी बार शौर्य चक्र

असम राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र बार दिया जाएगा. उन्हें पहले भी शौर्य चक्र मिल चुका है. जब किसी जवान को वही वीरता पुरस्कार दोबारा मिलता है, तो नए मेडल की जगह उसके रिबन पर एक बार लगाया जाता है. इसी वजह से इसे शौर्य चक्र बार कहा जाता है.

19 जवानों को मिलेगा शौर्य चक्र

इस साल 19 जवानों को शौर्य चक्र देने की घोषणा की गई है. इनमें सेना के कई अधिकारियों और जवानों के साथ नौसेना और वायुसेना के अधिकारी भी शामिल हैं. लांस नायक नरेंद्र सिंधु को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा. नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और वायुसेना के स्क्वॉड्रन लीडर सुधीर कुमार को भी शौर्य चक्र दिया जाएगा.

36 जवानों को सेना मेडल

राष्ट्रपति ने 36 सेना मेडल को भी मंजूरी दी है. इसके अलावा पांच अधिकारियों को सेना मेडल के बार से सम्मानित किया जाएगा. सम्मान पाने वालों में कर्नल पुष्कर विजय चौधरी, मेजर मोहित पोडिया, कैप्टन करण सिंह चीमा और कैप्टन अंशुमान सिंह जैसे नाम शामिल हैं. इनमें कुछ जवानों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जा रहा है.

नौसेना और वायुसेना के जवान भी सम्मानित

वीरता पुरस्कारों की सूची में नौसेना और वायुसेना के जवान भी शामिल हैं. नौसेना से कमांडर विनीत शर्मा, कमांडर युवराज कुमार और अविनाश अन्नासो समेत कई कर्मियों को सम्मान मिलेगा. वहीं वायुसेना से ग्रुप कैप्टन राहुल जगोटा, ग्रुप कैप्टन राहुल रावत, विंग कमांडर आशीष राजपूत और फ्लाइट लेफ्टिनेंट यश सहित अन्य कर्मियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा.

89 जवानों को मेंशन इन डिस्पैचेज

वीरता पुरस्कारों के अलावा राष्ट्रपति ने 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को भी मंजूरी दी है. इसमें सेना के 75, नौसेना के 4 और वायुसेना के 10 कर्मचारी शामिल हैं. यह सम्मान भी ड्यूटी के दौरान खास योगदान और अच्छी सेवा के लिए दिया जाता है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement