Advertisement

कानपुर वालों को पीएम की सौगात, प्रधानमंत्री 28 दिसंबर को करेंगे मेट्रो का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री बीना-पनकी मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इससे पहले पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के 54 वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगे.

प्रधानमंत्री 28 दिसंबर को करेंगे कानपुर मेट्रो का उद्घाटन
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 दिसंबर 2021,
  • अपडेटेड 9:32 PM IST
  • शहरी गतिशीलता में सुधार है लक्ष्य
  • 11 हजार करोड़ की लागत से बनी मेट्रो
  • 1500 करोड़ की लागत से बनी पाइपलाइन

यूपी में आगामी विधान चुनावों के मद्देनजर बीजेपी सरकार लगातार प्रदेश में विकास योजनाओं का उद्घाटन कर रही है. इसी के चलते प्रधानमंत्री आए दिन उत्तर प्रदेश में योजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं. अब 28 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के पूर्ण खंड का उद्घाटन करने के लिए कानपुर का दौरा करेंगे.

शहरी गतिशीलता में सुधार है लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री बीना-पनकी मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इससे पहले पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के 54 वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगे. कार्यालय ने आगे बताया कि "शहरी गतिशीलता में सुधार करना प्रधान मंत्री के प्रमुख फोकस क्षेत्रों में से एक रहा है. कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के पूर्ण खंड का उद्घाटन इस दिशा में एक और कदम है. यह 9 किमी लंबा खंड आईआईटी कानपुर से मोती झील तक है." 

11 हजार करोड़ की लागत से बनी मेट्रो
पीएम मोदी कानपुर मेट्रो रेल परियोजना का भी निरीक्षण करेंगे और आईआईटी मेट्रो स्टेशन से गीता नगर तक मेट्रो की सवारी करेंगे. कानपुर में मेट्रो रेल परियोजना की पूरी लंबाई 32 किमी है और इसे 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया जा रहा है. 

1500 करोड़ की लागत से बनी पाइपलाइन
पीएमओ के अनुसार, 356 किलोमीटर लंबी बीना-पनकी मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन परियोजना की क्षमता लगभग 3.45 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है. पीएमओ ने कहा, "मध्य प्रदेश में बीना रिफाइनरी से लेकर कानपुर में पनकी तक, यह परियोजना 1500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई गई है. इससे क्षेत्र को बीना रिफाइनरी से पेट्रोलियम उत्पादों तक पहुंचने में मदद मिलेगी." 

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे पीएम
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आईआईटी कानपुर के 54 वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे. दीक्षांत समारोह में, सभी छात्रों को राष्ट्रीय ब्लॉकचैन परियोजना के तहत संस्थान में विकसित एक आंतरिक ब्लॉकचेन संचालित तकनीक के माध्यम से डिजिटल डिग्री जारी की जाएगी. प्रधानमंत्री ब्लॉकचेन-आधारित डिजिटल डिग्रियों का शुभारंभ करेंगे. ये डिजिटल डिग्री विश्व स्तर पर सत्यापित की जा सकती है.
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement