पंजाब की राजनीति में एक बार दलित मुद्दे पर घमासान मचा है. कांग्रेस लीडर के कथित विवादित बयानों को लेकर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है. पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कड़ा ऐतराज जताया और कहा कि दलितों का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है. उन्होंने मांग की कि प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस पार्टी 24 घंटे के भीतर माफी माँगे. 24 घंटे बीत जाने के बावजूद जब कांग्रेस की ओर से कोई माफी नहीं आई, तो आम आदमी पार्टी भड़क उठी.
AAP का चंडीगढ़ में प्रदर्शन-
आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस की दलित-विरोधी बयानबाज़ी के खिलाफ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया. AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजा के साथ प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि दलित समाज के सम्मान से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने AAP कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें भी की. इस पूरे मुद्दे पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सरदार हरभजन सिंह साहब का नहीं, बल्कि उनके काम, उनकी कम्युनिटी और पूरे दलित भाईचारे का मजाक उड़ाया है. आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया था कि वह इस दलित-विरोधी मानसिकता पर माफी माँगे, लेकिन कांग्रेस की चुप्पी ने उसकी नीयत और नीति दोनों उजागर कर दी हैं.
कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए- AAP
आम आदमी पार्टी ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग पर एक दलित मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को 'गर्दन मरोड़ने' जैसी धमकी देने का आरोप लगाया है. आम आदमी पार्टी का साफ कहना है कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बाकी है, तो राजा वडिंग और राहुल गांधी दोनों को सार्वजनिक रूप से माफी माँगनी चाहिए.
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस लगातार दलितों का अपमान कर रही है. AAP का कहना है कि कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर यह कहकर अपमान किया कि वह पहले बैंड बजाता रहा है. यह सिर्फ किसी व्यक्ति का मजाक नहीं था, बल्कि उसके काम, उसकी पहचान और उसकी कम्युनिटी का मज़ाक था. दलित समाज इसे अपने पूरे समुदाय का अपमान मान रहा है.
कांग्रेसी दलित समाज का अपमान कर रहे हैं- अनुराग
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेता लगातार दलित समाज का अपमान कर रहे हैं. उन्होंने राजा वडिंग द्वारा एक दलित मंत्री को धमकी देने, प्रताप बाजवा की टिप्पणी और कांग्रेस के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच ही दलित-विरोधी है. अनुराग ढांडा ने साफ कहा कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बची है, तो राजा वडिंग और राहुल गांधी को दलित समाज से तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: