Advertisement

12 सितंबर तक बढ़ाया गया 'सफाई अभियान 2.0', 166 शहरों में चलाया जाएगा नया कैंपेन

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 'सफाई अभियान 2.0' को 12 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है. यह विशेष अभियान 29 अगस्त को शुरू किया गया था और इस दौरान 14 नगर निगमों तथा 152 नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों को कवर किया गया.

Harjot Singh Bains
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 09 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:43 PM IST

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने सूबे में चल रहे 'सफाई अभियान 2.0' को 12 सितंबर तक बढ़ा दिया है. स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि लोगों का इस अभियान को भरपूर सहयोग मिल रहा है. 83 फीसदी से अधिक नागरिक शिकायतों को निपटाया गया है. इसके साथ ही उन्होंने सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों में नागरिक भागीदारी को संस्थागत बनाने के लिए 4 'मेगा शनिवार सफाई अभियानों' की भी घोषणा की.

यह विशेष अभियान 29 अगस्त को शुरू किया गया था और इस दौरान 14 नगर निगमों तथा 152 नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों को कवर किया गया. 

12 सितंबर तक बढ़ाया गया अभियान- हरजोत सिंह
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस अभियान के तहत 'एम-सेवा' ऐप के माध्यम से अब तक 6459 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 5407 (83% से अधिक) का निपटारा किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि आखिरी दिन तक नागरिकों की भरपूर भागीदारी और एम-सेवा ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के बाद भगवंत मान सरकार ने इस अभियान को 12 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया.

4 मेगा सफाई अभियान का होगा आयोजन- मंत्री
उन्होंने कहा कि सरकार अब इस चल रहे अभियान के अलावा नागरिकों की भागीदारी को संस्थागत बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगी. उन्होंने आगे कहा कि इस उद्देश्य के लिए 12 सितंबर से अगले चार शनिवार को गैर-सरकारी संगठनों, मार्केट एसोसिएशन, युवा क्लबों, धार्मिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के सहयोग से चलने वाले चार 'मेगा सफाई अभियानों' का आयोजन किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे शनिवार सुबह सिर्फ दो से तीन घंटे निकालें और हमारे पार्कों, बाजारों और पड़ोस की सफाई में हमारे साथ शामिल हों.

घर-घर से उठाया जाएगा कूड़ा- मंत्री
मंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग ने कूड़े-कचरे के बड़े ढेरों (जीवीपी) पर पुनः कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए सभी शहरों में बड़े पैमाने पर घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने संबंधी प्रणाली शुरू की है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कलेक्शन वैन के आने तक अपना कूड़ा घर में संभालकर रखें और चेतावनी दी कि जागरूकता चरण के बाद सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि मैंने पिछले 10 दिनों में व्यक्तिगत रूप से कुराली, खरड़ और नंगल जैसे कस्बों का दौरा किया है, रोजाना दो-तीन घंटे इलाके में बिताए हैं और देखा है कि हमारे सफाई कर्मचारी कितनी तत्परता से काम कर रहे हैं. लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना बेहतरीन प्रयास भी विफल रह जाते हैं. हमें यह समझना चाहिए कि हम नागरिक चेतना के बिना जापान जैसे स्वच्छ शहर नहीं बना सकते.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement