Advertisement

पंजाब के प्रमुख मेडिकल कॉलेज होंगे अपग्रेड, सीएम मान ने फौरन दिए 68 करोड़ रुपए देने के आदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सूबे के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों को अपग्रेड करने के लिए 68.98 करोड़ रूपये के फंड तुरंत जारी करने के आदेश दिए. सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार मेडिकल कॉलेजों को उच्च-स्तरीय, विश्व स्तरीय मशीनरी के साथ लैस करेगी, जिससे गुणवत्तापूर्ण इलाज और बेहतर मेडिकल टेस्ट सुविधा प्रदान की जा सके.

Punjab CM Bhagwant Mann Meeting
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 6:49 PM IST

मेडिकल कॉलेजों में लोगों को मानक उपचार एवं मेडिकल टेस्ट की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों का कायाकल्प करने के लिए 68.98 करोड़ रुपए के फंड तुरंत जारी करने के आदेश दिए हैं.

मेडिकल कॉलेजों में सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत- सीएम मान
मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इन मेडिकल कॉलेजों में इन सुविधाओं का विस्तार करना समय की जरूरत थी, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के साथ-साथ मेडिकल टेस्ट की सुविधा सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि इन मेडिकल कॉलेजों को अति-आधुनिक एवं विश्व स्तरीय मशीनरी से लैस करना आवश्यक है ताकि ये मरीजों को बेहतर तरीके से सेवाएं दे सकें. भगवंत सिंह मान ने मेडिकल शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि इन मेडिकल कॉलेजों में सुविधाओं को अपग्रेड करने के लिए तुरंत 68.98 करोड़ रुपए जारी किए जाएं.

मेडिकल कॉलेजों को पैसे देने का ऐलान-
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26.53 करोड़ रुपए सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर, 28.51 करोड़ रुपए सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला, 9.43 करोड़ रुपए डॉ. बी.आर. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एस.ए.एस. नगर (मोहाली) तथा 4.51 करोड़ रुपए पी.जी.आई. सैटेलाइट सेंटर, फिरोजपुर के लिए तुरंत दिए जाएं. उन्होंने कहा कि इन फंडों का उपयोग आधुनिक मशीनें एवं अन्य उपकरण खरीदने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों में विकास कार्यों के लिए किया जाए. भगवंत सिंह मान ने दोहराया कि हमारी सरकार पंजाब को विश्व भर में मेडिकल शिक्षा का गढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि इससे इलाज एवं मेडिकल टेस्ट की सुविधाओं को और बल मिलेगा.

कॉलेजों में मानक शिक्षा देना सरकार का फर्ज- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में यह कार्य समयबद्ध एवं उचित तरीके से पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इलाज की सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हों. उन्होंने कहा कि पंजाब का इतिहास रहा है कि इसने विश्व स्तरीय डॉक्टर पैदा किए हैं और आज भी राज्य में बड़ी संख्या में विद्यार्थी डॉक्टर बनने के लिए मेडिकल शिक्षा ले रहे हैं. भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन मेडिकल कॉलेजों में मानक शिक्षा देना राज्य सरकार का फर्ज है, ताकि मेडिकल शिक्षा ले रहे विद्यार्थियों को बड़े स्तर पर लाभ मिले.

जनकल्याणकारी कार्य के लिए प्रतिबद्ध सरकार- मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मेडिकल कॉलेजों का काया-कल्प करने का एकमात्र उद्देश्य लोगों की मानक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि इन प्रमुख कॉलेजों में मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से आम आदमी की भलाई सुनिश्चित होगी. भगवंत सिंह मान ने दोहराया कि राज्य सरकार इस जनकल्याणकारी कार्य के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अलोक शेखर, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य कुमार राहुल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत तथा अन्य उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement