पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ समय से अन्नपूर्णा भंडार योजना की ₹3,000 मासिक राशि नहीं मिलने का दावा करते हुए कई जिलों में महिला लाभार्थियों के विरोध-प्रदर्शन सामने आए हैं. अलग-अलग इलाकों में महिलाओं ने प्रदर्शन कर सरकार से योजना की राशि दिलाने की मांग की. इसी बीच पुरुलिया जिले से इस योजना को लेकर एक अलग तस्वीर सामने आई है, जहां महिलाओं ने राशि मिलने की खुशी में राज्य सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद रैली निकाली.
मंगलवार को पुरुलिया के बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के नदीयाड़ा गांव और आसपास के इलाके में महिलाओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर रैली निकाली. महिलाओं ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत ₹3,000 की मासिक राशि मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य सरकार का धन्यवाद किया. रैली में भाजपा के स्थानीय मंडल स्तर के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी महिलाओं के साथ शामिल हुए.
भाजपा के किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नरेश कुमार मिश्रा ने दावा किया कि नदीयाड़ा बूथ क्षेत्र में करीब 90 फीसदी पात्र महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि करीब 10 फीसदी लाभार्थी अभी बाकी हैं और उनके मामलों पर भी प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और स्थानीय भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया.
मिल रही सभी सुविधाएं
रैली में शामिल लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि हर महीने मिलने वाली ₹3,000 की राशि से उन्हें घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है. लाभार्थी तन्नुश्री दे ने कहा कि योजना की राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है और इसी वजह से महिलाएं धन्यवाद रैली निकाल रही हैं. वहीं, लाभार्थी रेनुका ठाकुर ने भी ₹3,000 की सहायता राशि मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि कम आय वाले परिवारों के लिए यह राशि घर के खर्च में काफी मददगार साबित हो रही है.
हालांकि, अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर राज्य के कई हिस्सों में पात्र महिलाओं द्वारा राशि नहीं मिलने की शिकायत और विरोध-प्रदर्शन सामने आने के बीच पुरुलिया की यह धन्यवाद रैली एक अलग तस्वीर पेश करती है. यहां महिलाओं का कहना है कि उन्हें योजना का लाभ मिल रहा है और इसके लिए वे सरकार के प्रति आभार व्यक्त कर रही हैं.
रिपोर्टर: अनिल गिरी
ये भी पढ़ें: