प्रेमिका से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ पहुंचे एक युवक की कहानी शहर पहुंचने के बाद उस वक्त अपराध में बदल गई. जब पैसे खत्म होने पर खर्च चलाने के लिए युवक ने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया. पुलिस ने सिलसिलेवार वाहन चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पांच दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं.
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने जांच तेज की. अलग-अलग जगहों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसमें पांचों चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक की मौजूदगी सामने आई.
गौशाला के पास बाइक चोरी की कोशिश की सूचना
इसी बीच 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गौशाला के पास एक संदिग्ध युवक बाइक चोरी करने की कोशिश करते देखा गया है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाई, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान बाइक से छेड़छाड़ कर भागे युवक के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी. पुलिस टीम ने वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में युवक का पीछा किया और काफी दूर तक दौड़ाने के बाद उसे पकड़ लिया.
12 सितंबर को प्रेमिका से मिलने आया था रायगढ़
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से अपनी महिला मित्र से मिलने रायगढ़ आया था. रायगढ़ पहुंचने के बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए. इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऐसी बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रहती थी. वाहन चोरी करने के बाद वह उससे घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को किसी जगह छोड़कर फरार हो जाता था. इसके बाद वह दूसरी बाइक चोरी करता था. पूछताछ में आरोपी की पहचान निर्मल धाकड़ (28) निवासी मोरार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई.
पांच वाहन चोरी के मामलों का खुलासा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चार बाइक और एक स्कूटी समेत पांच दुपहिया वाहन बरामद किए हैं. इन वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कोतवाली थाने में दर्ज पांच वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. इनमें अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया. वहां से उसे जेल भेज दिया गया.
क्या कहते हैं एसएसपी शशि मोहन सिंह?
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध हालत में गौशाला के पास बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहा है. सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने काफी दूर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया. एसएसपी ने बताया कि आरोपी के पास से पांच मोटर साइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी युवक निर्मल धाकड़ 12 सितंबर को ग्वालियर से अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया था. यहां पहुंचने के बाद उसका पैसा खत्म हो गया था. इसी वजह से वह एक के बाद एक मोटर साइकिल चोरी करने लगा और पेट्रोल खत्म होने के बाद मोटर साइकिल को छोड़कर दूसरी मोटर साइकिल चोरी करता था.
ये भी पढ़ें